Weather Update Today: मानसून की विदाई से पहले मौसम ने बदली चाल, 15 राज्यों में भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Weather Update Today: सितंबर के आखिरी दिनों में जहां मानसून की विदाई का इंतजार किया जा रहा है, वहीं मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. देश के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाओं, आंधी और गरज-चमक ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, 29 सितंबर 2026 को देश के 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, पश्चिम बंगाल और पहाड़ी राज्यों तक बारिश का असर दिखाई दे रहा है. लगातार बारिश के चलते कई इलाकों में तापमान नीचे आया है और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली है.

दिल्ली-एनसीआर में बारिश से सुहाना हुआ मौसम

राजधानी दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में बारिश के बाद मौसम का मिजाज बदल गया है. आज दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. दिनभर आसमान में बादल छाए रहने के साथ कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक दिल्ली में इसी तरह का मौसम बना रह सकता है. हालांकि, 1 से 3 अक्टूबर के बीच मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. इस दौरान आसमान मुख्य रूप से साफ रहने और अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है.

बंगाल की खाड़ी में नया लो-प्रेशर, पश्चिम बंगाल में बढ़ी बारिश की चिंता

पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा से ठीक पहले मौसम ने नई चुनौती खड़ी कर दी है. बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने नए निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक, 4 अक्टूबर तक कई इलाकों में बारिश देखने को मिल सकती है. हालांकि, इस मौसम प्रणाली का सीधा प्रभाव अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना है, लेकिन तटीय और मैदानी क्षेत्रों में लगातार बारिश से जनजीवन के साथ-साथ दुर्गा पूजा की तैयारियों पर भी असर पड़ सकता है.

यूपी और बिहार में आंधी-बिजली के साथ बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में पिछले तीन से चार दिनों से कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है. पूर्वी और पश्चिमी यूपी के अलग-अलग जिलों में आज भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. कुछ स्थानों पर तेज हवाओं और बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है. बिहार में भी मौसम पूरी तरह बदला हुआ है. कई इलाकों में बादल छाए हुए हैं और बारिश की संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग के अनुसार, 1 अक्टूबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में छिटपुट बारिश के साथ तेज आंधी और बिजली कड़कने की स्थिति बन सकती है.

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर

राजस्थान में नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कई इलाकों में मौसम सक्रिय हो गया है. मंगलवार सुबह जयपुर, अजमेर, भरतपुर और बीकानेर संभाग के कई हिस्सों में तेज बारिश दर्ज की गई. पूर्वी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश का दौर आगे भी जारी रहने की संभावना है. हालांकि, सप्ताह के बाकी दिनों में बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आने का अनुमान है. इसके बावजूद अलग-अलग इलाकों में मौसम अचानक बदल सकता है.

पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक बारिश का असर

मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में अलग-अलग तीव्रता की बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताई गई है. उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और कर्नाटक में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है.

वहीं राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश का दौर देखने को मिल सकता है.

यह भी पढ़े: अमित शाह आज करेंगे बारापुल्ला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर और मुकरबा चौक अंडरपास का उद्घाटन

Latest News

गोपाल दास ‘नीरज’ की स्मृति में दिल्ली में ‘कारवाँ गीतों का…’ LIVE: CMD उपेन्‍द्र राय ने महाकवि को ऐसे किया याद

राजधानी दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया स्थित मावलंकर हॉल में आज महाकवि गोपाल दास ‘नीरज’ की स्मृति में...

More Articles Like This

Exit mobile version