आसमान से बरस रही आफत… जलमग्न हुई दिल्ली! अगले 5 घंटे भारी, 15 राज्यों में तूफानी बारिश का अलर्ट

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Weather Update Today: देशभर में मानसून एक बार फिर अपना खतरनाक तेवर दिखा रहा है. दिल्ली-NCR में सुबह से रुक-रुककर हो रही बारिश ने कई इलाकों की मुश्किल बढ़ा दी है. जगह-जगह सड़कों पर पानी भरने से ट्रैफिक की रफ्तार थम गई है और दफ्तर-कॉलेज जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इसी बीच मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत देश के 15 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश होने की संभावना जताई गई है.

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस दौरान तेज हवाएं लोगों की परेशानी और बढ़ा सकती हैं. कई इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है, जबकि कुछ जगहों पर यह 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. गंगा के तटीय क्षेत्रों में बने कम दबाव के क्षेत्र और दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश में सक्रिय चक्रवातीय परिसंचरण को मौसम में इस बदलाव की प्रमुख वजह माना जा रहा है.

15 राज्यों में अगले कुछ घंटों में बिगड़ेगा मौसम

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक अगले कुछ घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में तेज बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है. इन राज्यों के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश होने की संभावना है. तेज हवाओं के कारण पेड़ और बिजली के खंभे गिरने जैसी घटनाओं का खतरा भी बढ़ सकता है. ऐसे में खराब मौसम के दौरान लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

दिल्ली-NCR में बारिश ने बढ़ाई मुसीबत

राजधानी दिल्ली और आसपास के गुरुग्राम तथा नोएडा में सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है. आसमान में घने बादल छाए हैं और कई इलाकों में मध्यम से तेज बारिश का दौर जारी है. बारिश के कारण कई सड़कों पर पानी जमा हो गया है, जिससे वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई है. मौसम विभाग ने दिल्ली में मध्यम से तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान हवाओं की गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रह सकती है. राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. जलभराव के कारण कई जगहों पर ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है और ट्रैफिक डायवर्जन की जरूरत पड़ रही है. ऐसे में बारिश के बीच सड़क पर निकलने वाले लोगों को सामान्य से ज्यादा समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी गई है.

उत्तर प्रदेश के 22 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मानसून का असर लगातार तेज बना हुआ है. नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, मथुरा और कानपुर से लेकर पूर्वांचल के कई जिलों तक भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है. गोरखपुर, देवरिया, वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या और आजमगढ़ समेत 22 से ज्यादा जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है. कई इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. राजधानी लखनऊ में भी आसमान में बादलों का डेरा बना रहेगा. यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

बिहार और झारखंड में भी बिगड़ा मौसम

पूर्वी भारत में भी मानसून का असर तेज हो गया है. बिहार के पटना, गया, सारण, सिवान, दरभंगा, भागलपुर और पूर्णिया समेत करीब 18 जिलों में भारी बारिश और आंधी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं झारखंड के रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो और पलामू समेत कई जिलों में वज्रपात की आशंका जताई गई है. गरज-चमक के दौरान लोगों को खुले मैदानों में जाने से बचने की सलाह दी गई है. पेड़ों के नीचे खड़े होने से भी बचने को कहा गया है.

पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ लैंडस्लाइड का खतरा

मैदानी इलाकों के साथ पहाड़ी राज्यों में भी मौसम चुनौतीपूर्ण बना हुआ है. उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में तेज बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है. नैनीताल, शिमला, चमोली और कुल्लू में जोरदार बारिश की संभावना जताई गई है. पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश होने की स्थिति में सड़कें प्रभावित होने और आवागमन में परेशानी आने की आशंका बनी हुई है.

किसानों के लिए भी मौसम विभाग की विशेष चेतावनी

तेज हवाओं और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की आशंका को देखते हुए किसानों के लिए भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. तेज बारिश और आंधी से खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है. किसानों को खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था रखने की सलाह दी गई है, ताकि भारी बारिश के दौरान खेतों में पानी जमा न हो और फसलों को नुकसान से बचाया जा सके.

Latest News

सूर्य को दें अर्घ्य, कुत्ते को खिलाएं रोटी…, मिलेगा पितरों का आशीर्वाद, प्रसन्न होंगी मां लक्ष्मी

Sawan Amavasya: सनातन धर्म में अमावस्या तिथि का विशेष महत्व होता है. इस दिन पवित्र नदियों में स्नान, दान,...

More Articles Like This

Exit mobile version