Asian Games 2026: 17 साल की भारतीय तीरंदाज कुमकुम मोहोद ने 2026 एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा का गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया. फाइनल में उनका सामना दक्षिण कोरिया की येजिन ओह से हुआ, जहां मुकाबला इतना करीबी रहा कि विजेता का फैसला शूट-ऑफ से करना पड़ा. कुमकुम ने शुरुआत जरूर दबाव में की. पहले सेट में उन्हें 27-29 से हार का सामना करना पड़ा. दूसरे सेट में दोनों खिलाड़ियों ने 29-29 का स्कोर किया, जिससे कोरियाई तीरंदाज को बढ़त बनाए रखने का फायदा मिला। इसके बावजूद कुमकुम ने अपना संयम नहीं खोया.
तीसरे सेट में बदला मुकाबले का रुख
तीसरे सेट में कुमकुम ने जबरदस्त वापसी की. उन्होंने लगातार तीन परफेक्ट-10 लगाते हुए 30 अंक हासिल किए, जबकि येजिन ओह 29 अंक ही बना सकीं. इस शानदार प्रदर्शन के साथ स्कोर 3-3 से बराबर हो गया. चौथे सेट में कुमकुम 27-28 से पिछड़ गईं, लेकिन उन्होंने मुकाबले को हाथ से जाने नहीं दिया. पांचवें और निर्णायक सेट में भारतीय खिलाड़ी ने एक बार फिर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और पूरे 30 अंक हासिल कर सेट जीत लिया, इसके साथ दोनों तीरंदाज 5-5 की बराबरी पर पहुंच गईं और गोल्ड मेडल का फैसला शूट-ऑफ से होना तय हुआ.
शूट-ऑफ में कुमकुम ने मारी बाजी Asian Games 2026
निर्णायक शूट-ऑफ में येजिन ओह का निशाना 8 अंक पर जाकर लगा. इसके बाद कुमकुम के लिए स्थिति बेहद मजबूत हो गई. उन्होंने लक्ष्य के केंद्र के करीब निशाना साधते हुए जीत अपने नाम कर ली और भारत के खाते में एक और गोल्ड जोड़ दिया.
एशियन गेम्स में कुमकुम की गोल्डन हैट्रिक का हिस्सा
कुमकुम का यह 2026 एशियन गेम्स में तीसरा पदक है। इससे पहले भी वह प्रतियोगिता में एक गोल्ड और एक सिल्वर मेडल जीत चुकी थीं. महिला रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा में गोल्ड के साथ उन्होंने अपने शानदार अभियान को यादगार बना दिया. तीरंदाजी में भारत का प्रदर्शन इस बार खास तौर पर चर्चा में रहा है. जिस खेल में दक्षिण कोरिया लंबे समय से मजबूत दावेदार रहा है, वहां भारतीय खिलाड़ियों ने लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन किया है.
भारत के खाते में 77 पदक
कुमकुम के गोल्ड के साथ 2026 एशियन गेम्स में भारत के पदकों की संख्या 77 हो गई है. इनमें 17 गोल्ड मेडल शामिल हैं. पदक तालिका में भारत पांचवें स्थान पर है, जबकि उज्बेकिस्तान 20 स्वर्ण पदकों के साथ उससे आगे है.

