Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में मनु भाकर से पदक की काफी उम्मीदें थीं, लेकिन फाइनल में वह अपनी सर्वश्रेष्ठ लय हासिल नहीं कर सकीं. उन्होंने 181.1 अंक के साथ पांचवां स्थान हासिल किया और पदक की दौड़ से बाहर हो गईं. फाइनल में दक्षिण कोरिया की Choo Gaeun ने 184.5 अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया. चीन की Jiang Ranxin 182.0 अंकों के साथ दूसरे और ताइवान की Cheng Yen Ching 181.9 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं.
क्वालिफिकेशन की शुरुआत उनके लिए खास नहीं रही
मनु ने क्वालिफिकेशन राउंड में तीसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए जगह बनाई थी. हालांकि, क्वालिफिकेशन की शुरुआत उनके लिए खास नहीं रही थी, लेकिन बाद के राउंड में उन्होंने जोरदार वापसी की और फाइनल में प्रवेश किया. शूटिंग के टीम इवेंट में भी भारत पदक हासिल नहीं कर सका और टीम चौथे स्थान पर रही.
भारतीय महिला कबड्डी टीम की शानदार जीत Asian Games 2026
एशियन गेम्स में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने ईरान के खिलाफ 37-23 से प्रभावी जीत दर्ज की. मुकाबले के दौरान भारत ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और ईरान को वापसी का ज्यादा मौका नहीं दिया. इससे पहले भारतीय टीम ने बांग्लादेश को भी 42-21 के बड़े अंतर से हराया था. लगातार जीत के साथ टीम ने प्रतियोगिता में अपना मजबूत प्रदर्शन जारी रखा है.
पदक तालिका में भारत की स्थिति
भारत ने एशियन गेम्स 2026 में अब तक कुल 9 पदक अपने नाम किए हैं। इनमें एक स्वर्ण, चार रजत और चार कांस्य पदक शामिल हैं. खबर लिखे जाने तक भारत पदक तालिका में आठवें स्थान पर था. भारत का पहला स्वर्ण पदक महिला क्रिकेट टीम ने जीता। टीम ने मंगलवार को हुए फाइनल में श्रीलंका को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया. बुधवार को भारत की नजरें भारोत्तोलक मीराबाई चानू पर भी हैं। वह 49 किलोग्राम वर्ग में मुकाबला करेंगी और उनके प्रदर्शन पर सभी की निगाहें रहेंगी.