Harmanpreet Kaur: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सभी फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है. हाल ही में उनकी अगुवाई में भारतीय महिला टीम ने एशियन गेम्स में क्रिकेट का गोल्ड मेडल जीता था. अब कप्तानी से हटने के बाद हरमनप्रीत बतौर खिलाड़ी टीम का हिस्सा बनी रहेंगी. वहीं, टीम की अगली कप्तान के तौर पर स्मृति मंधाना के नाम की चर्चा है.
Harmanpreet Kaur का कप्तानी से इस्तीफा
हरमनप्रीत ने 2016 में टी20 इंटरनेशनल में भारतीय टीम की कप्तानी संभाली थी. इसके बाद 2022 में मिताली राज के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद उन्हें वनडे टीम की कमान भी सौंप दी गई. करीब 37 साल की हरमनप्रीत ने अब कप्तानी की जिम्मेदारी से खुद को अलग करने का फैसला किया है.
सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए किया ऐलान
हरमनप्रीत ने एक लंबे सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने फैसले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि सभी फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ना उनके लिए आसान निर्णय नहीं था. उनके मुताबिक इस सफर में कई सालों की यादें, भावनाएं, त्याग और ऐसे अनुभव जुड़े हैं, जिन्हें वह हमेशा अपने साथ रखेंगी. उन्होंने कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट और टीम के लिए उन्होंने अपना पूरा योगदान दिया. इस दौरान समय और मेहनत देने के साथ कई मौकों पर उन्हें अपनी व्यक्तिगत प्राथमिकताओं और खेल से जुड़ी महत्वाकांक्षाओं को भी पीछे रखना पड़ा, क्योंकि उनके लिए टीम हमेशा सबसे ऊपर रही.
कप्तानी में लेने पड़े मुश्किल फैसले
हरमनप्रीत ने अपने संदेश में कप्तानी के दौरान सामने आई चुनौतियों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि कप्तान के रूप में उन्हें कई ऐसे फैसले लेने पड़े, जिन्हें समझना हमेशा आसान नहीं था. कुछ फैसलों की व्यक्तिगत कीमत भी चुकानी पड़ी, लेकिन उनका उद्देश्य टीम को मजबूत बनाना और साथी खिलाड़ियों को खुद पर भरोसा करने के लिए बेहतर अवसर देना था. उन्होंने अपने सफर के दौरान आए मुश्किल दौर, निराशा, आलोचनाओं और संदेहों को भी याद किया. साथ ही उन्होंने उन मौकों का भी जिक्र किया, जब टीम ने बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं और मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकलकर सफलता हासिल की.
‘कप्तानी खत्म हुई है, क्रिकेट के लिए प्यार नहीं’
कप्तानी छोड़ने के फैसले को लेकर हरमनप्रीत ने कहा कि वह भावुक जरूर हैं, लेकिन अपने निर्णय को लेकर उनके मन में कोई असमंजस नहीं है. उन्हें भरोसा है कि भारतीय महिला टीम के पास मजबूत खिलाड़ियों का समूह है और उसका भविष्य उज्ज्वल है.
उन्होंने कहा कि अब उनके करियर में एक नया अध्याय शुरू करने का समय है. उनके लिए कप्तानी की जिम्मेदारी भले ही खत्म हो रही है, लेकिन भारतीय क्रिकेट के प्रति उनका जुड़ाव और प्यार हमेशा कायम रहेगा. हरमनप्रीत ने अपने साथियों, कोचिंग स्टाफ, सपोर्ट टीम, मैनेजमेंट, BCCI, परिवार और प्रशंसकों का भी आभार जताया. उन्होंने कहा कि इन सभी लोगों ने उनके पूरे सफर में अच्छे और मुश्किल दोनों समय में उनका साथ दिया। बतौर खिलाड़ी उनका सफर अब भी जारी रहेगा.
ये भी पढ़़ें- Asian Games 2026: एशियाई खेलों का हुआ समापन, कतर को सौंपी गई अगली मेजबानी

