Virat Kohli Record: 18 साल के इंटरनेशनल करियर में विराट कोहली ने बनाए ये 10 बड़े रिकॉर्ड, टूटना आसान नहीं

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Virat Kohli Record: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने आज 18 अगस्त 2026 को इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 18 साल पूरे कर लिए हैं. कोहली ने 18 अगस्त 2008 को श्रीलंका के खिलाफ वनडे मुकाबले से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था. दांबुला में खेले गए इस मैच में 19 साल के विराट ने गौतम गंभीर के साथ पारी की शुरुआत की थी.

हालांकि, उनका इंटरनेशनल डेब्यू उम्मीद के मुताबिक यादगार नहीं रहा. कोहली 22 गेंदों पर 12 रन बनाकर नुवान कुलसेकरा की गेंद पर LBW आउट हुए थे. इस मुकाबले में भारत को 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था. इसके बाद विराट कोहली ने अपनी बल्लेबाजी के दम पर इंटरनेशनल क्रिकेट में अलग पहचान बनाई और कई ऐसे रिकॉर्ड अपने नाम किए, जिन्हें तोड़ना आसान नहीं माना जाता.

1. वनडे में सबसे ज्यादा शतक

विराट कोहली के नाम वनडे क्रिकेट में 54 शतक दर्ज हैं, जो इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा हैं. उन्होंने 2023 वनडे वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना 50वां वनडे शतक लगाकर सचिन तेंदुलकर के 49 शतकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा था. इस सूची में रोहित शर्मा 31 शतकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं. टॉप-5 में कोई एक्टिव प्लेयर शामिल नहीं है. ऐसे में विराट कोहली का यह रिकॉर्ड लंबे समय तक उनके नाम रहने की संभावना है.

2. वनडे में सबसे तेज 10 हजार रन

विराट कोहली ने महज 205 पारियों में अपने 10,000 वनडे रन पूरे किए थे. इस दौरान उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा था. यह उपलब्धि वनडे क्रिकेट में कोहली की लगातार रन बनाने की क्षमता को दर्शाती है. अब देखना होगा कि भविष्य में उनका यह रिकॉर्ड कौन बल्लेबाज तोड़ पाता है.

3. सबसे तेज 13 हजार वनडे रन

वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 13,000 रन पूरे करने का रिकॉर्ड भी विराट कोहली के नाम है. वह इस मुकाम तक पहुंचने वाले सबसे तेज बल्लेबाज बने थे. सचिन तेंदुलकर को 13,000 वनडे रन पूरे करने में 321 पारियां लगी थीं. ऐसे में विराट का यह रिकॉर्ड भी बेहद मजबूत नजर आता है.

4. 14 हजार वनडे रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज

फरवरी 2025 में पाकिस्तान के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी मुकाबले में विराट कोहली ने 14,000 वनडे रन पूरे किए थे. इसके साथ ही वह इस आंकड़े तक पहुंचने वाले दुनिया के सिर्फ तीसरे बल्लेबाज बने. उनसे पहले सचिन तेंदुलकर और कुमार संगकारा यह उपलब्धि हासिल कर चुके थे.

5. एक वनडे वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन

2023 वनडे वर्ल्ड कप विराट कोहली के लिए बेहद खास रहा था. उन्होंने टूर्नामेंट के 11 मैचों में 765 रन बनाए. इसके साथ ही कोहली ने एक वर्ल्ड कप संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. इस टूर्नामेंट में उनके बल्ले से 3 शतक और 6 अर्धशतक निकले थे. अब सवाल यह है कि वनडे वर्ल्ड कप के किसी एक संस्करण में विराट के इस रिकॉर्ड को भविष्य में कौन बल्लेबाज तोड़ पाएगा.

6. भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान

विराट कोहली भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान हैं. उन्होंने 68 टेस्ट मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी की, जिसमें टीम ने 40 मुकाबलों में जीत हासिल की. यह किसी भारतीय कप्तान की सबसे ज्यादा टेस्ट जीत हैं. कोहली की कप्तानी में भारत ने पहली बार ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज जीतकर इतिहास भी रचा था.

7. कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा टेस्ट रन

बतौर भारतीय टेस्ट कप्तान विराट कोहली ने 5,864 रन बनाए. उन्होंने कप्तान रहते हुए 68 टेस्ट मैचों में 54.80 के औसत से रन बनाए. इस आंकड़े के साथ विराट कोहली भारतीय टेस्ट कप्तानों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. इस सूची के टॉप-5 में कोई एक्टिव बल्लेबाज शामिल नहीं है, इसलिए इस रिकॉर्ड को चुनौती देना आसान नहीं होगा.

8. टेस्ट कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा शतक

भारत की टेस्ट कप्तानी करते हुए विराट कोहली ने 20 शतक लगाए. यह किसी भारतीय टेस्ट कप्तान के सबसे ज्यादा शतक हैं. उनके कप्तानी कार्यकाल में कुल 27 टेस्ट शतक आए, जिनमें से 20 शतक उन्होंने कप्तान रहते हुए बनाए थे.

9. बतौर कप्तान 7 दोहरे शतक

विराट कोहली ने कप्तान के तौर पर टेस्ट क्रिकेट में 7 दोहरे शतक लगाने का अनोखा रिकॉर्ड बनाया है. दुनिया का कोई भी दूसरा कप्तान उनसे ज्यादा टेस्ट डबल सेंचुरी नहीं लगा पाया है. टेस्ट क्रिकेट में विराट कोहली का सर्वोच्च स्कोर 254 रन नाबाद है, जो उन्होंने 2019 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बनाया था. इस रिकॉर्ड की सूची में ब्रायन लारा 5 दोहरे शतकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं. टॉप-5 में कोई एक्टिव प्लेयर शामिल नहीं है. ऐसे में आने वाले कई सालों तक विराट के इस रिकॉर्ड को चुनौती मिलना मुश्किल नजर आता है.

10. T20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन

विराट कोहली ने T20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया है, लेकिन T20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अब भी उनके नाम है. उन्होंने 2012 से 2024 के बीच T20 वर्ल्ड कप में 35 मैचों की 33 पारियों में 1,292 रन बनाए. इस दौरान उनका औसत 58.72 रहा. इस रिकॉर्ड की दौड़ में कुछ एक्टिव खिलाड़ी जरूर शामिल हैं, लेकिन यह देखना दिलचस्प होगा कि भविष्य में कोई बल्लेबाज विराट कोहली के इस आंकड़े को पीछे छोड़ पाता है या नहीं. 18 साल के इंटरनेशनल करियर में विराट कोहली ने बल्लेबाजी के साथ-साथ कप्तानी में भी कई बड़े रिकॉर्ड कायम किए हैं. वनडे, टेस्ट और T20 वर्ल्ड कप से जुड़े उनके ये रिकॉर्ड उनके लंबे और शानदार इंटरनेशनल करियर की बड़ी उपलब्धियों में शामिल हैं.

Latest News

लाल किला ब्लास्ट: आतंकी साजिश के आरोपी जासिर बिलाल को हाई कोर्ट से झटका, जमानत याचिका खारिज

Red Fort Terror Case: दिल्ली हाई कोर्ट ने मंगलवार को लाल किला धमाका मामले के आरोपित जासिर बिलाल वानी...

More Articles Like This

Exit mobile version