Airtel Postpaid Plans: भारती एयरटेल ने अपने पोस्टपेड ग्राहकों के लिए प्लान्स में बड़ा बदलाव किया है. कंपनी ने बुधवार को नए पोस्टपेड प्लान पेश करते हुए टैरिफ में करीब 3 से 10 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर दी है. हालांकि, बढ़ी हुई कीमत के साथ ग्राहकों को फ्री इंटरनेशनल रोमिंग का फायदा भी मिलेगा. कंपनी के मुताबिक नए टैरिफ गुरुवार से लागू हो जाएंगे. एयरटेल ने अपने पोस्टपेड प्लान्स में इंटरनेशनल रोमिंग को शामिल करते हुए ग्राहकों को विदेश यात्रा के दौरान कनेक्टिविटी का अतिरिक्त लाभ देने की कोशिश की है. कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक कॉम्प्लिमेंट्री इंटरनेशनल रोमिंग पैक में 5GB डेटा, 60 मिनट की कॉलिंग, 25 आउटगोइंग SMS और फ्री इनकमिंग SMS की सुविधा मिलेगी. यह रोमिंग पैक 5 दिनों के लिए वैध होगा.
499 रुपये से शुरू होंगे नए पोस्टपेड प्लान
नए प्लान्स की शुरुआत व्यक्तिगत कनेक्शन के लिए 499 रुपये प्रति महीने से होगी. वहीं, पांच सिम वाले फैमिली प्लान के लिए ग्राहकों को अधिकतम 1,799 रुपये प्रति महीने खर्च करने होंगे. कंपनी के मुताबिक नए पोस्टपेड प्लान में ग्राहकों को हर साल हर सिम पर एक फ्री इंटरनेशनल रोमिंग ट्रिप का लाभ मिलेगा. इसके साथ ही प्लान में अनलिमिटेड डेटा और कॉलिंग की सुविधा भी दी जा रही है.
449 रुपये वाला प्लान अब 499 रुपये का
एयरटेल ने व्यक्तिगत पोस्टपेड प्लान की कीमत में भी बढ़ोतरी की है. पहले 449 रुपये में मिलने वाला यह प्लान अब 499 रुपये प्रति महीने का हो गया है. फैमिली प्लान की बात करें तो 699 रुपये वाला प्लान अब 749 रुपये का होगा. इस प्लान में दो सिम मिलेंगी. यानी परिवार के दो सदस्यों के लिए एक ही पोस्टपेड प्लान के तहत कनेक्शन इस्तेमाल किया जा सकेगा.
3 सिम और 4 सिम वाले प्लान भी महंगे
तीन सिम वाले पोस्टपेड प्लान की कीमत में भी बदलाव किया गया है. पहले 999 रुपये में मिलने वाले इस प्लान की कीमत अब 1,049 रुपये हो गई है. वहीं, चार सिम वाले विकल्पों के लिए अब 1,249 रुपये और 1,449 रुपये के प्लान उपलब्ध होंगे. कंपनी ने अलग-अलग फैमिली जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इन विकल्पों को पेश किया है.
5 सिम वाले प्लान में Netflix Standard
पांच सिम वाले फैमिली प्लान की कीमत अब 1,799 रुपये होगी. इस प्लान की खास बात यह है कि इसमें Netflix Standard भी शामिल है. यानी परिवार के पांच सिम वाले प्लान के साथ ग्राहकों को मनोरंजन का अतिरिक्त लाभ भी मिलेगा. इसके अलावा नए पोस्टपेड प्लान में एयरटेल के स्पैम और फ्रॉड से बचाने वाले फीचर्स भी शामिल किए गए हैं. कंपनी का कहना है कि इन सुविधाओं का उद्देश्य ग्राहकों को अनचाही कॉल और संभावित धोखाधड़ी से अतिरिक्त सुरक्षा देना है.
एयरटेल ने बताई प्लान महंगे करने की वजह और फायदे
भारती एयरटेल के मार्केट ऑपरेशन्स के डायरेक्टर अमित त्रिपाठी ने कहा कि कंपनी के लिए पोस्टपेड का मतलब भारतीय बाजार में ग्राहकों को सबसे बेहतर अनुभव देना है. उनके मुताबिक एयरटेल का नेटवर्क अनुभव मजबूत है और कंपनी पोस्टपेड ग्राहकों को 5G पर फास्ट लेन टेक्नोलॉजी के साथ-साथ स्पैम और फ्रॉड से सुरक्षा देने पर भी ध्यान दे रही है. कंपनी का कहना है कि एंटरटेनमेंट और दूसरी सर्विसेज के जरिए ग्राहकों को बेहतर वैल्यू देने की कोशिश जारी है और अब फ्री इंटरनेशनल रोमिंग को भी इसमें जोड़ा गया है.
गुरुवार से नए प्लान होंगे उपलब्ध
कंपनी ने बताया कि नए पोस्टपेड प्लान गुरुवार से उन सभी ग्राहकों के लिए उपलब्ध होंगे, जो एयरटेल पोस्टपेड कनेक्शन लेना चाहते हैं. एयरटेल के मौजूदा ग्राहक भी इन नए प्लान्स में आसानी से अपग्रेड कर सकते हैं. कंपनी के मुताबिक यह सुविधा उन ग्राहकों के लिए भी उपलब्ध होगी जो पहले से पुराने पोस्टपेड प्लान इस्तेमाल कर रहे हैं और उन ग्राहकों के लिए भी जो फिलहाल प्रीपेड कनेक्शन पर हैं.
यह भी पढ़े: रूस ने यूक्रेन के सैन्य और ऊर्जा ठिकानों पर दागी 70 से अधिक मिसाइलें, 11 लोगों की मौत

