Apple Price Hike: एप्पल के महंगे प्रोडक्ट्स बदलेंगे ग्राहकों की पसंद? रिफर्बिश्ड मार्केट में आ सकता है बूम

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Apple Price Hike: अगर आप नया iPhone, MacBook या iPad खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके बजट पर असर डाल सकती है. Apple ने अपने कई प्रोडक्ट्स की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है और आने वाले समय में iPhone की कीमतें भी बढ़ सकती हैं. ऐसे में ग्राहकों को पहले की तुलना में ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं. माना जा रहा है कि नए प्रोडक्ट्स की बढ़ती कीमतों का सबसे बड़ा फायदा रिफर्बिश्ड मार्केट को मिल सकता है. जब नए डिवाइस महंगे हो जाते हैं, तो बड़ी संख्या में ग्राहक कम कीमत में प्रीमियम डिवाइस खरीदने के लिए रिफर्बिश्ड प्रोडक्ट्स का रुख करते हैं.

क्यों बढ़ी Apple प्रोडक्ट्स की कीमत?

Apple का कहना है कि स्टोरेज और मेमोरी चिप्स की लागत में लगातार बढ़ोतरी होने से प्रोडक्ट तैयार करना पहले के मुकाबले काफी महंगा हो गया है. कंपनी ने अपने बयान में कहा कि “हमने पहले कभी इतनी तेजी से किसी कंपोनेंट की कीमतों में इतनी बढ़ोतरी नहीं देखी. अब तक हम इस अतिरिक्त लागत का बोझ खुद उठाते रहे, लेकिन अब हम ऐसे दौर में पहुंच गए हैं, जहां कई प्रोडक्ट्स की कीमत बढ़ाना जरूरी हो गया है.” इसी बढ़ती लागत की वजह से कंपनी ने iPad, MacBook समेत कई प्रोडक्ट्स के दाम बढ़ा दिए हैं और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में iPhone की कीमतों में भी इजाफा देखने को मिल सकता है.

क्यों बढ़ सकती है रिफर्बिश्ड मार्केट की डिमांड?

Apple प्रोडक्ट्स महंगे होने के बाद बड़ी संख्या में ग्राहक अब कम कीमत वाले विकल्प तलाश सकते हैं. ऐसे में सबसे बड़ा विकल्प रिफर्बिश्ड मार्केट बनकर उभर रहा है, जहां प्रीमियम डिवाइस अपेक्षाकृत कम कीमत पर उपलब्ध हो जाते हैं. कंपनी के कई प्रोडक्ट्स की कीमत में करीब 70,000 रुपये तक की बढ़ोतरी होने की बात सामने आई है. ऐसे में बजट को लेकर संवेदनशील ग्राहकों के लिए रिफर्बिश्ड डिवाइस एक बेहतर विकल्प बन सकते हैं. यही वजह है कि बाजार में रिफर्बिश्ड iPhone, MacBook और दूसरे Apple प्रोडक्ट्स की मांग बढ़ने की संभावना जताई जा रही है.

अब पहले से बेहतर हो गई है रिफर्बिश्ड मार्केट की क्वालिटी

रिफर्बिश्ड मार्केट अब केवल पुराने डिवाइस बेचने तक सीमित नहीं रह गया है. आज कई अधिकृत विक्रेता (Authorized Sellers) पूरी जांच और टेस्टिंग के बाद ही प्रोडक्ट बेचते हैं. कई मामलों में ग्राहकों को क्वालिटी सर्टिफिकेट और सीमित वारंटी जैसी सुविधाएं भी दी जाती हैं. यही वजह है कि पिछले कुछ वर्षों में ग्राहकों का भरोसा रिफर्बिश्ड प्रोडक्ट्स पर पहले के मुकाबले काफी बढ़ा है.

कम कीमत में मिल रहा है प्रीमियम एक्सपीरियंस

भारत में पिछले कुछ वर्षों के दौरान प्रीमियम स्मार्टफोन और लैपटॉप की मांग लगातार बढ़ी है. बड़ी संख्या में ग्राहक कम कीमत में प्रीमियम फीचर्स का अनुभव लेना चाहते हैं. ऐसे में रिफर्बिश्ड iPhone और दूसरे Apple डिवाइस उनके लिए आकर्षक विकल्प बन रहे हैं. अब जब नए प्रोडक्ट्स महंगे हो रहे हैं, तो माना जा रहा है कि रिफर्बिश्ड मार्केट की मांग और तेजी से बढ़ सकती है.

रिफर्बिश्ड प्रोडक्ट खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान

अगर आप रिफर्बिश्ड iPhone, iPad या MacBook खरीदने की सोच रहे हैं, तो केवल फोटो या वीडियो देखकर भुगतान न करें. खरीदने से पहले डिवाइस की फिजिकल कंडीशन अच्छी तरह जांच लें. इसके अलावा स्मार्टफोन खरीदते समय उसकी बैटरी हेल्थ जरूर चेक करें. अगर संभव हो तो केवल भरोसेमंद और अधिकृत विक्रेता से ही प्रोडक्ट खरीदें, ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

यह भी पढ़े: Bank Holiday July 2026: जुलाई में 12 दिन बंद रहेंगे बैक, आपके राज्य में कब-कब रहेगी छुट्टी, यहां है पूरी डेट लिस्ट

More Articles Like This

Exit mobile version