Bank Holiday Today: अगर आप धनतेरस के दिन बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम निपटाने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए राहत की खबर है. शुक्रवार, 6 नवंबर 2026 को धनतेरस के मौके पर देशभर में बैंक खुले रहेंगे. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नवंबर 2026 के हॉलिडे कैलेंडर में धनतेरस को बैंक अवकाश के रूप में शामिल नहीं किया गया है. ऐसे में ग्राहक आज अपने बैंक की शाखा में जाकर सामान्य रूप से कामकाज करा सकते हैं. स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), पंजाब नेशनल बैंक (PNB), HDFC बैंक, ICICI बैंक और एक्सिस बैंक समेत अन्य बैंकों की शाखाओं में आज सामान्य बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध रहेंगी. ऐसे में अगर आपको पैसे जमा कराने, चेक से जुड़े काम निपटाने या किसी अन्य वित्तीय लेन-देन के लिए बैंक जाना है, तो जा सकते हैं.
धनतेरस पर बैंक खुले रहने की क्यों है जरूरत?
धनतेरस को धनत्रयोदशी के नाम से भी जाना जाता है. इस दिन सोना, चांदी, आभूषण, बर्तन और अन्य कीमती वस्तुएं खरीदना शुभ माना जाता है. त्योहार के दौरान खरीदारी और अन्य तैयारियों के बीच लोगों को नकदी जमा कराने, चेक से जुड़े काम और वित्तीय लेन-देन के लिए बैंकिंग सेवाओं की जरूरत पड़ सकती है. ऐसे में बैंक शाखाओं का खुला रहना ग्राहकों के लिए राहत की बात है.
दिवाली और भाई दूज पर कब बंद रहेंगे बैंक?
धनतेरस के बाद नवंबर में दिवाली और भाई दूज जैसे त्योहारों के चलते अलग-अलग तारीखों पर बैंक बंद रह सकते हैं. ऐसे में बैंक जाने से पहले अपने राज्य की छुट्टियों की सूची जरूर देख लें.
- 7 नवंबर 2026 (छोटी दिवाली/शनिवार): बैंक खुले रहेंगे. यह महीने का पहला शनिवार है, इसलिए सामान्य बैंकिंग कामकाज जारी रहेगा.
- 8 नवंबर 2026 (दिवाली/रविवार): रविवार होने के कारण देशभर में बैंक बंद रहेंगे.
- 9, 10 और 11 नवंबर 2026 (गोवर्धन पूजा/भाई दूज): उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में अलग-अलग दिनों पर बैंक बंद रह सकते हैं.
बैंक बंद होने पर भी मिलती रहेंगी डिजिटल सेवाएं
बैंक की शाखाएं बंद होने पर भी ग्राहकों के लिए डिजिटल और ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध रहेंगी. Google Pay, PhonePe, Paytm और बैंकों के आधिकारिक मोबाइल ऐप के जरिए पैसे भेजने और अन्य डिजिटल लेन-देन किए जा सकते हैं. इसके अलावा ग्राहक IMPS, NEFT और RTGS जैसी सेवाओं का इस्तेमाल भी कर सकते हैं. ये सेवाएं बैंक की छुट्टियों के दौरान भी उपलब्ध रहती हैं. जरूरत पड़ने पर ATM से नकदी निकाली जा सकती है और कैश डिपॉजिट मशीन (CDM) के जरिए खाते में पैसे जमा किए जा सकते हैं.