Delhi Liquor Shop Timing: दिल्ली में वीकेंड पर शराब के ठेके जल्दी होंगे बंद, जानिए प्रशासन ने क्यों लिया फैसला

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Delhi Liquor Shop Timing: अगर आप इस वीकेंड दिल्ली में शराब खरीदने की योजना बना रहे हैं तो पहले यह खबर जरूर पढ़ लें. राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने के बाद आबकारी विभाग ने शराब की दुकानों के समय में बड़ा बदलाव किया है. अब सामान्य दिनों की तुलना में शराब के ठेके दो घंटे पहले बंद होंगे. प्रशासन का कहना है कि यह फैसला कानून-व्यवस्था बनाए रखने और बढ़ते विरोध-प्रदर्शनों के बीच एहतियात के तौर पर लिया गया है. ऐसे में देर रात शराब खरीदने की योजना बना रहे लोगों को अपनी टाइमिंग बदलनी होगी.

रात 10 बजे नहीं, अब 8 बजे बंद होंगे ठेके

आबकारी विभाग के निर्देश के अनुसार, दिल्ली में सरकारी निगमों के तहत संचालित शराब की दुकानें इस सप्ताह के आखिर तक रात 10 बजे की बजाय 8 बजे ही बंद कर दी जाएंगी. यानी ग्राहकों को शराब खरीदने के लिए पहले की तुलना में दो घंटे कम समय मिलेगा.

आखिर क्यों लिया गया यह फैसला?

सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से सेंट्रल दिल्ली के जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में लगातार विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं. पुलिस ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन को विशेष इनपुट दिए थे. इसी के आधार पर आबकारी विभाग ने दुकानों का समय घटाने का फैसला लिया. इससे पहले गुरुवार और शुक्रवार को भी बिना किसी पूर्व सूचना के कई शराब की दुकानों को तय समय से पहले बंद करा दिया गया था. अचानक हुए इस फैसले के कारण कई ग्राहक शराब खरीदने से वंचित रह गए और उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा.

दिल्ली में 725 से ज्यादा शराब की दुकानें

दिल्ली में इस समय सरकारी निगमों के तहत 725 से अधिक रिटेल शराब की दुकानें संचालित हो रही हैं. हाल ही में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में चल रहे प्रदर्शनों और संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा के बाद प्रशासन ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है. प्रदर्शनकारी NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं.

आम लोगों की दिनचर्या भी हुई प्रभावित

राजधानी में जारी सुरक्षा इंतजामों का असर सिर्फ शराब की दुकानों तक सीमित नहीं है. जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में भारी बैरिकेडिंग की गई है, जिससे आम लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है. सुरक्षा कारणों से राजीव चौक, सुप्रीम कोर्ट, मंडी हाउस, आईटीओ और पटेल चौक समेत दिल्ली मेट्रो के 16 से 18 स्टेशन पिछले चार दिनों के दौरान अलग-अलग समय पर बंद किए गए हैं.

इससे रोजाना सफर करने वाले हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने कुछ स्कूलों को भी एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं. छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुछ शिक्षण संस्थानों में हाइब्रिड मोड के जरिए पढ़ाई कराई जा रही है, ताकि बच्चों की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता न हो.

यह भी पढ़े: ‘कुचू पुचू अब तो…’, दुल्हन के लिबास में जंतर-मंतर पहुंची छात्रा, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

Latest News

पाकिस्तान में पहले से और ज्यादा तकतवर बनें मुनीर, अब हाथ में आया परमाणु बम का बटन, पूरे दक्षिण एशिया पर बढा खतरा

Islamabad: पाकिस्तान में अब सबकुछ फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के हाथ में है. मुनीर ने परमाणु हथियारों को भी...

More Articles Like This

Exit mobile version