न Indane, न HP Gas! नहीं मिल रहा नया LPG कनेक्शन, अब क्या है विकल्प?

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

LPG New Connection: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को लेकर बनी अनिश्चितता का असर LPG बाजार पर भी देखने को मिल रहा है. साल 2026 की पहली तिमाही में तेल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) ने घरेलू LPG कनेक्शन की उपलब्धता को लेकर कदम उठाए. ऐसे में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर का नया कनेक्शन लेने की योजना बना रहे लोगों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है. हालांकि, नए कनेक्शन दोबारा कब शुरू होंगे, इसे लेकर अभी तक सरकार की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से ऊर्जा आपूर्ति को लेकर अनिश्चितता ने वैश्विक तेल और गैस बाजार की चिंताएं बढ़ा दी हैं. दुनिया की ऊर्जा आपूर्ति के लिहाज से यह समुद्री मार्ग काफी महत्वपूर्ण है. ऐसे में लोग अब खाना पकाने के लिए दूसरे विकल्पों की तलाश कर रहे हैं.

देश में बढ़ाया जा रहा LPG का उत्पादन

रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु और चेन्नई जैसे प्रमुख शहरों में मार्च 2026 से 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर के नए कनेक्शन को लेकर प्रतिबंध लगाए जाने की जानकारी सामने आई थी. फरवरी के अंत में पश्चिम एशिया में शुरू हुए संघर्ष से वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति प्रभावित हुई है. होर्मुज जलडमरूमध्य के जरिए दुनिया के करीब 20 प्रतिशत ऊर्जा परिवहन का आवागमन होता है. इस बीच भारत में LPG उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है. रिपोर्ट्स के अनुसार, भारतीय रिफाइनरियों में LPG का उत्पादन बढ़ाकर औसतन 44,000 टन प्रतिदिन तक पहुंच गया है. यह अगस्त के औसत उत्पादन से करीब 20 प्रतिशत अधिक बताया गया है. घरेलू उत्पादन बढ़ाने का उद्देश्य आपूर्ति को मजबूत करना और आयात पर निर्भरता कम करने में मदद करना है.

नए LPG कनेक्शन कब से मिलेंगे?

नए घरेलू LPG कनेक्शन के लिए आवेदन करने वाले लोग इनके दोबारा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं. हालांकि, नए कनेक्शन की बहाली को लेकर सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है. ऐसे में फिलहाल लोगों के पास खाना पकाने के लिए कुछ दूसरे विकल्प मौजूद हैं. इनमें 5 किलो का छोटू सिलेंडर, 10 किलो का कंपोजिट LPG सिलेंडर और पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) शामिल हैं.

5 किलो का छोटू सिलेंडर भी विकल्प

अगर आपको 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू सिलेंडर नहीं मिल रहा है, तो 5 किलो का छोटू LPG सिलेंडर एक विकल्प हो सकता है. इसे इंडेन छोटू, भारत गैस मिनी और HP गैस अप्पू जैसे नामों से जाना जाता है. यह संबंधित LPG वितरकों के जरिए उपलब्ध हो सकता है. इस सिलेंडर का फायदा यह है कि फ्री ट्रेड LPG (FTL) श्रेणी के तहत इसे लेने की प्रक्रिया सामान्य घरेलू कनेक्शन की तुलना में आसान हो सकती है. इसमें नियमित घरेलू कनेक्शन जैसी लंबी आवेदन प्रक्रिया की जरूरत नहीं होती. हालांकि, पहचान पत्र, भुगतान और अन्य आवश्यकताओं के लिए संबंधित वितरक से जानकारी लेना जरूरी है. 5 किलो के FTL सिलेंडर को जरूरत के अनुसार दोबारा रिफिल कराया जा सकता है.

10 किलो का कंपोजिट सिलेंडर भी उपलब्ध

तेल मार्केटिंग कंपनियां छोटे LPG सिलेंडरों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए भी प्रयास कर रही हैं. इसी कड़ी में इंडियन ऑयल का ‘Indane XTRALITE’ कंपोजिट सिलेंडर एक विकल्प है. यह पारंपरिक लोहे के सिलेंडर की तुलना में हल्का होता है और इसे फाइबरग्लास कंपोजिट जैसी सामग्री से तैयार किया जाता है. दी गई जानकारी के मुताबिक, इंडियन ऑयल के 10 किलो वाले कंपोजिट सिलेंडर के नए कनेक्शन की शुरुआती कीमत 4,853 रुपये है, जबकि रिफिल कराने का खर्च 1,667 रुपये बताया गया है. हालांकि, कीमत और उपलब्धता शहर तथा वितरक के अनुसार अलग-अलग हो सकती है. खरीदने से पहले संबंधित एजेंसी या अधिकृत प्लेटफॉर्म से इसकी पुष्टि कर लें.

PNG कनेक्शन भी हो सकता है विकल्प

LPG के अलावा पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) भी रसोई में खाना पकाने का विकल्प है. इस व्यवस्था में पाइपलाइन के जरिए घर तक गैस पहुंचाई जाती है, इसलिए सिलेंडर बुक करने और उसे बदलने की जरूरत नहीं पड़ती. नए PNG कनेक्शन के लिए संबंधित शहर में सेवा उपलब्ध होने पर अधिकृत गैस वितरण कंपनी की वेबसाइट के जरिए आवेदन किया जा सकता है. इंडियन ऑयल, HPCL और BPCL से जुड़ी सेवाओं की जानकारी उनकी आधिकारिक वेबसाइट पर मिल सकती है. अगर आपके घर में पहले से LPG कनेक्शन है और आप PNG पर स्विच करना चाहते हैं, तो संबंधित PNG सेवा प्रदाता से संपर्क करके कनेक्शन की उपलब्धता और प्रक्रिया की जानकारी लें.

यह भी पढ़े: दिल्ली में नवरात्रि से दिवाली तक प्रदर्शन पर बैन लगाने की मांग, CTI ने PM मोदी को लिखी चिट्ठी

Latest News

ग्रीन कार्ड बैन पर अमेरिका को भारत का करारा जवाब, ‘बंधुआ मजदूर’ वाली टिप्पणी पर JD वेंस को भी हड़काया

India US Green Card: भारत ने अमेरिका के उस फैसले पर कड़ा विरोध जताया है, जिसके तहत 8 प्रमुख...

More Articles Like This

Exit mobile version