मुंबई रणजी से सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल बाहर, अंगकृष रघुवंशी को टीम में मिली जगह

Mumbai: मुंबई ने रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन में हिमाचल प्रदेश के खिलाफ होने वाले अपने दूसरे मुकाबले के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. मुंबई की टीम में बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल का नाम नहीं है. मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने हिमाचल प्रदेश के खिलाफ बिलासपुर में 18 से 21 अक्टूबर तक होने वाले मैच के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी है. यशस्वी जायसवाल इस मैच का हिस्सा नहीं होंगे.

न्यूजीलैंड ए के खिलाफ खेलना है

यशस्वी को न्यूजीलैंड दौरे पर जाना है और भारत ए की तरफ से न्यूजीलैंड ए के खिलाफ खेलना है. न्यूजीलैंड में 24 अक्टूबर से इंडिया ए और न्यूजीलैंड ए के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज शुरू होने वाली है और यशस्वी तीन मैचों के लिए टीम इंडिया का हिस्सा हैं. यही वजह है कि वह रणजी ट्रॉफी के पहले मैच के बाद टीम से अलग हो गए. भारतीय सीनियर टीम को भी न्यूजीलैंड में दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है.

अंगकृष रघुवंशी मुंबई की टीम में शामिल

यशस्वी इसका भी हिस्सा होंगे और इंडिया ए टीम के साथ खेलने के दौरान मिला अनुभव उनके लिए सीनियर टीम के मैचों के दौरान काम आएगा. यशस्वी की जगह युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी को मुंबई की टीम में शामिल किया गया है. वहीं, सूर्यांश शेडगे को भी मुंबई की टीम में शामिल किया गया है. पहले मैच में टीम के उपकप्तान आयुष म्हात्रे को चोट लगी थी और उसी वजह से वह टीम का हिस्सा नहीं हैं.

रणजी सीजन का पहला मुकाबला

यशस्वी जायसवाल ने मुंबई की तरफ से मौजूदा रणजी सीजन का पहला मुकाबला चंडीगढ़ के खिलाफ खेला था. यह मैच वानखेड़े स्टेडियम में हुआ था. मुंबई ने यह मुकाबला पारी और 155 रनों के बड़े अंतर से आसानी से जीता था, लेकिन यशस्वी का बल्ला इस मैच में नहीं चला था. वह अपनी एकमात्र पारी में बिना खाता खोले आउट हुए थे.

हिमाचल प्रदेश के खिलाफ मुकाबले के लिए मुंबई की टीम: सिद्धेश लाड (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी, सूर्यांश शेडगे, दिव्यांश सक्सेना, सरफराज खान, मुशीर खान, सुवेद पारकर, आकाश आनंद (विकेटकीपर), हार्दिक तमोरे (विकेटकीपर), शम्स मुलानी, तनुष कोटियान, अथर्व अंकोलेकर, तुषार देशपांडे, मोहित अवस्थी, सिल्वेस्टर डिसूजा और ओंकार तरमले.

इसे भी पढ़ें. अमेरिका के स्कूल में गोलीबारी से मचा कोहराम, 3 मासूमों समेत 5 की मौत; 16 साल का संदिग्ध भी ढेर

More Articles Like This

Exit mobile version