New Delhi: वर्ष 2026 में भारत की अध्यक्षता में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए शुक्रवार सुबह से ही विदेशी मेहमानों का भारत में आगमन शुरू हो गया है. विदेश मंत्रालय ने दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, उरुग्वे के विदेश मंत्री मारियो लुबेटकिन और युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो का भारत पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पोस्ट पर मेहमानों के आगमन की जानकारी साझा की.
सम्मेलन के लिए नई दिल्ली में हार्दिक स्वागत
विदेश मंत्रालय ने पोस्ट में लिखा, ‘दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा का 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए नई दिल्ली में हार्दिक स्वागत है. हवाई अड्डे पर उनका स्वागत केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने किया.’ मंत्रालय ने बताया कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच लंबे समय से मजबूत और दोस्ताना संबंध रहे हैं, जो हमारी रणनीतिक साझेदारी पर आधारित हैं. ब्रिक्स के साझेदार देशों के रूप में ग्लोबल साउथ के हितों को आगे बढ़ाने और उनके विकास के लिए मिलकर काम करने की हमारी प्रतिबद्धता मजबूत और अटूट है.
कम्युनिटी ऑफ लैटिन अमेरिकन एंड कैरिबियन स्टेट्स
मंत्रालय ने एक अन्य पोस्ट में लिखा, ‘उरुग्वे के विदेश मंत्री मारियो लुबेटकिन का हार्दिक स्वागत है. वे नई दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में ‘कम्युनिटी ऑफ लैटिन अमेरिकन एंड कैरिबियन स्टेट्स’ (सेलाक) का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. भारत और सेलाक मिलकर व्यापार बढ़ाने, तकनीकी ज्ञान और नवाचार साझा करने तथा ग्लोबल साउथ के देशों के बीच साझेदारी को और मजबूत करने के लिए काम कर रहे हैं.’
युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका का स्वागत
मंत्रालय ने एक अन्य पोस्ट में लिखा, ‘नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है. भारत और युगांडा के बीच गर्मजोशी भरे और दोस्ताना संबंध हैं, जो साझा इतिहास और द्विपक्षीय और बहुपक्षीय दोनों स्तरों पर बढ़ती आधुनिक साझेदारी पर आधारित हैं. इससे पहले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और एआईआईबी की अध्यक्ष जू जियायी भी शुक्रवार सुबह भारत पहुंची.
पुतिन का 18वें ब्रिक्स के लिए हार्दिक स्वागत
पुतिन के नई दिल्ली पहुंचने की पुष्टि करते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए हार्दिक स्वागत है. हवाई अड्डे पर उनका स्वागत विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने किया. भारत और रूस के बीच विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी पर आधारित लंबे समय से मजबूत और बहुआयामी संबंध हैं.’
इसे भी पढ़ें. Team India: टीम इंडिया को लगा बड़ा झटका, फिजियो कमलेश जैन ने दिया इस्तीफा, जानिए क्या है वजह