पाकिस्तान के पंजाब में बस- ट्रक की जोरदार टक्कर, हादसे में 11 यात्रियों की मौत, 33 घायल, मची अफरा- तफरी

Islamabad: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में पाकपट्टन के पास एक यात्री बस और ट्रक की टक्कर में 11 लोगों की मौत हो गई और 33 अन्य घायल हो गए. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. रेस्क्यू 1122 ने बताया कि ट्रक और यात्री बस की टक्कर में 11 लोगों की जान चली गई. आठ लोगों को मामूली चोटें आईं, जबकि 25 अन्य लोगों को पाकपट्टन के अस्पताल में भर्ती कराया गया. जिला प्रशासन के अनुसार, यह हादसा दीपालपुर रोड पर हुआ. उस समय एक यात्री बस मुल्तान से कसूर की ओर जा रही थी, जबकि एक ट्रक विपरीत दिशा से आ रहा था.

पुलिस को इसकी सूचना दी गई

बस और ट्रक की टक्कर के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. पुलिस को इसकी सूचना दी गई. वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए क्रेन और अन्य भारी मशीनों का इस्तेमाल किया गया. लगभग तीन घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा. अक्टूबर में पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में 44,797 सड़क हादसे हुए, जिनमें 464 लोगों की मौत हो गई और 23,543 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. इनमें से लगभग तीन-चौथाई सड़क हादसों में मोटरसाइकिलें शामिल थीं.

बचाव टीमों ने 231,056 मामलों में कार्रवाई की

ये आंकड़े पंजाब में ‘रेस्क्यू 1122’ के जिलों के आपातकालीन कामकाज की मासिक समीक्षा के दौरान सामने आए. विभाग ने बताया कि अक्टूबर के दौरान बचाव टीमों ने 231,056 आपातकालीन मामलों में कार्रवाई की और 233,210 लोगों की जान बचाई. इन घटनाओं में सड़क हादसे, आग लगने के मामले, मेडिकल इमरजेंसी, डूबने की घटनाएं और अन्य बचाव कार्य शामिल थे. विभाग के अनुसार, अक्टूबर में पंजाब में आग लगने की 1,726 घटनाएं और डूबने की 94 घटनाएं दर्ज की गईं.

सबसे अधिक संख्या लाहौर में दर्ज

पंजाब में सड़क हादसों की सबसे अधिक संख्या लाहौर में दर्ज की गई, जहां 7,874 घटनाओं में मोटरसाइकिलें शामिल थीं. मुल्तान में 3,312 मोटरसाइकिलों से जुड़े 2,838 हादसे हुए, जबकि फैसलाबाद में 2,896 मोटरसाइकिलों से जुड़े 2,615 हादसे दर्ज किए गए. रिपोर्ट के अनुसार, गुजरांवाला में 2,250 मोटरसाइकिलों से जुड़े 2,092 हादसे दर्ज किए गए. इसके बाद शेखूपुरा का नंबर आता है, जहां 1,706 मोटरसाइकिलों से जुड़े 1,714 सड़क हादसे हुए. वहीं, तौंसा शरीफ में 160 मोटरसाइकिलों से जुड़े 142 हादसे सामने आए.

इसे भी पढ़ें. मिडटर्म में हार के बाद ट्रंप का ‘VETO’ दांव! बोले- ताकत मेरे हाथ में, हर फैसले पर लगा सकता हूं रोक

Latest News

झांकियां, पटाखे और उग्र प्रदर्शन; फ्रांस में सड़क पर उतरे 16 लाख लोग, पुलिस और प्रदर्शनकारियों में भिड़त

France Protest: फ्रांस में बढ़ती महंगाई, सार्वजनिक सेवाओं में कटौती और सरकार के प्रस्तावित 2027 बजट के विरोध में...

More Articles Like This

Exit mobile version