पाकिस्तान में एक और लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी की मौत, मस्जिद जाते वक्त गई जान

Aarti Kushwaha
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Chaudhry Muhammad Sarwar: पाकिस्तान के लाहौर में एक और आतंकी की मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा चौधरी मुहम्मद सरवर अस्र की नमाज पढ़ने के लिए घर से मस्जिद जा रहा था, तभी अचानक गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई. ऐसे में माना जा रहा है कि उसकी मौत हार्ट अटैक से हुई है. यह घटना ऐसे समय हुई है, जब कुछ दिन पहले लाहौर में जैश-ए-मोहम्मद के कथित कमांडर मुहम्मद आसिम की भी सड़क हादसे में मौत हो गई थी.

बता दें कि सरवर सेंट्रल मुस्लिम लीग का पंजाब अध्यक्ष था, जिसपर साल 2016 में अमेरिका ने भी आतंकी गतिविधियों के लिए फंड जुटाने और उसे ट्रांसफर करने में कथित भूमिका के चलते प्रतिबंध लगाया था.

लश्कर की फंडिंग में शामिल होने का आरोप

वहीं, अमेरिकी ट्रेजरी विभाग के अनुसार, चौधरी मुहम्मद सरवर लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी और लाहौर में संगठन का प्रमुख रह चुका था. अमेरिका ने 28 दिसंबर 2016 को उसे आतंकवादी गतिविधियों के लिए धन जुटाने और उसे ट्रांसफर करने में कथित भूमिका के आधार पर प्रतिबंधित किया था. साथ ही उसी साल लश्कर से जुड़े शाहिद महमूद पर भी अमेरिका ने कार्रवाई की थी. अमेरिकी अधिकारियों का कहना था कि महमूद कराची में संगठन से जुड़ा था और कथित तौर पर फलाह-ए-इंसानियत फाउंडेशन के जरिए फंडिंग और अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों में शामिल था. अमेरिकी प्रतिबंधों के तहत दोनों की अमेरिकी अधिकार क्षेत्र में आने वाली संपत्तियां फ्रीज कर दिया गया था.

कुछ दिन पहले जैश के आतंकी की भी हुई थी मौत

इससे पहले लाहौर में 14-15 अक्टूबर की रात जैश-ए-मोहम्मद के कथित ऑपरेशनल कमांडर मुहम्मद आसिम की सड़क हादसे में मौत हो गई थी. इस हादसे में उसकी पत्नी हुमा आसिम और बेटे तल्हा आसिम की भी जान चली गई थी. जानकारी के मुताबिक, परिवार की कार को गढ़ी शहू इलाके में अल्लामा इकबाल रोड पर पीछे से आ रहे एक ट्रेलर ने टक्कर मार दी थी. टक्कर के बाद कार ट्रेलर के नीचे फंस गई. बचावकर्मियों को शव निकालने के लिए कार का मलबा काटना पड़ा. पुलिस ने परिवार के जीवित बचे बेटे मुहम्मद बिन आसिम की शिकायत पर मामला दर्ज किया था.

More Articles Like This

Exit mobile version