China Mars Mission: चांद के बाद अब मंगल ग्रह पर अपनी बादशाहत कायम करने के लिए अमेरिका और चीन के बीच जंग छिडी हुई है. इसी बीच चीन ने ऐलान किया है कि वह साल 2028 के आखिर तक पूरे मंगल ग्रह का एक संपूर्ण जियोलॉजिकल नक्शा तैयार कर लेगा. यह नक्शा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से बनने वाला दुनिया का पहला मार्स मैप होगा. चीन के इस महात्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का सीधा मकसद आने वाले तियानवेन-3 मिशन की राह आसान करना है.
मंगल का पहला एआई नक्शा
कैसे तैयार होगा लाल ग्रह का यह मैप?
- चीन इस नए नक्शे को बनाने में अपने पहले मार्स रोवर झूरोंग से मिले डेटा का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल करेगा. झूरोंग ने मंगल की सतह पर करीब एक साल तक एक्टिव रहकर रिसर्च की थी. इस दौरान रोवर ने 1.9 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय की थी.
- झूरोंग से मिले डेटा से पता चला कि लगभग 3.5 अरब साल पहले मंगल पर एक विशाल महासागर मौजूद था. इसके अलावा करीब 1.6 अरब साल पहले वहां अचानक आई भयानक बाढ़ के सबूत भी मिले हैं.
- झूरोंग मई 2021 में तियानवेन-1 मिशन के तहत मंगल की जमीन पर उतरा था. इसके साथ ही चीन मंगल पर रोवर लैंड कराने वाला दुनिया का दूसरा देश बन गया था.

