Dubai royal family: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के प्रधानमंत्री और दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के छोटे भाई शेख अहमद बिन राशिद अल मकतूम का सोमवार की सुबह निधन हो गया है. इसकी पुष्टि खुद दुबई के शासक ने की है. ऐसे में दुबई सरकार ने 10 दिन के शोक की घोषणा की है. शेख अहमद बिन राशिद अल मकतूम दुबई पुलिस और पब्लिक सिक्योरिटी के डिप्टी चेयरमैन थे. फिलहाल, उनकी मौत की वजह नहीं बताई गई है.
दुबई के शासक शेख मकतूम ने अपने X अकाउंट पर एक पोस्ट में कहा कि “आज UAE और दुबई ने शेख अहमद बिन राशिद अल मकतूम को खो दिया है. वे दुबई के शासकों के समर्थक थे और UAE में सशस्त्र बलों को स्थापित करने में उनका अहम योगदान था. उन्हें दुबई के लोग बहुत पसंद करते थे और वो भी लोगों से बहुत प्यार करते थे. जो लोग उन्हें जानते थे, उन सभी के दिलों में उनकी सुखद यादें हमेशा बसी रहेंगी.”
हमारे दिलों और दुआओं में हमेशा रहेंगे शेख अहमद
शेख मकतूम ने कहा कि “शेख अहमद आज भले ही हमारी नजरों से ओझल हो गए हों, लेकिन वे हमारे दिलों और दुआओं में हमेशा रहेंगे. हम सर्वशक्तिमान अल्लाह से दुआ करते हैं कि वे उन पर अपनी कृपा बनाए रखें, उन्हें जन्नत में जगह दें और हमें सब्र और हिम्मत दें. हम सब अल्लाह के ही हैं और अंत में उन्हीं के पास लौटकर जाना है.”