Elon Musk: दुनिया के सबसे अमीर शख्सो में शामिल एलन मस्क ने ऐलान किया है कि वह अपनी रॉकेट बनाने वाली कंपनी SpaceX का एक-एक शेयर अमेरिका के हर बच्चे को देने जा रहे हैं. मस्क का कहना है कि यह काम वह अगले साल करेंगे और ऐसे काम वो और करेंगे. टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट करते हुए कहा है कि अगले साल, मैं अमेरिका के हर बच्चे को अपना एक SpaceX शेयर दूंगा. यह ऐसी कई चीजों में से पहली होगी.
संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के मुताबिक, अमेरिका में 18 साल से कम उम्र के बच्चों की संख्या 7.4 करोड़ के आसपास है. अभी SpaceX के एक शेयर की कीमत 146 डॉलर (13,861 रुपए) के आसपास है. इसका मतलब हुआ कि एलन मस्क कुल मिलाकर 1.02 लाख करोड़ रुपए (10.8 अरब डॉलर) का अपने हिस्से का शेयर दान करने जा रहे हैं. यह रकम लगभग 38 देशों की जीडीपी से अधिक रकम है.
एलन मस्क के पास कितने शेयर?
मस्क ने यह घोषणा ऐसे समय में की है जब वो इस प्राइवेट एयरोस्पेस और सैटेलाइट कंपनी के सबसे बड़े शेयरहोल्डर बने हुए हैं. हाल ही में दाखिल एक रेगुलेटरी फाइलिंग के अनुसार, 30 जून तक SpaceX में मस्क की हिस्सेदारी 48.4 प्रतिशत थी, जिससे पता चलता है कि SpaceX में मस्क के पास लगभग 6.42 अरब शेयर हैं. उनकी हिस्सेदारी में 849.5 मिलियन ‘क्लास A’ शेयर और 3.92 अरब ‘क्लास B’ शेयर शामिल हैं, जो उन ट्रस्टों के माध्यम से रखे गए हैं, जिनमें मस्क ट्रस्टी के रूप में काम करते हैं.
इसके अलावा, मस्क के पास सीधे तौर पर करीब 1.30 अरब ‘क्लास B’ रेस्ट्रेक्टेड शेयर हैं. इसके साथ ही, उनके पास स्टॉक ऑप्शंस से जुड़े अधिकार भी हैं, जो 350 मिलियन और ‘क्लास B’ शेयरों को कवर करते हैं.
कैसे बांटेंगे शेयर?
हालांकि इस दौरान मस्क ने ये नहीं बताया कि ये शेयर बांटने का काम कैसे होगा- कौन से बच्चे ले पाएंगे, कब मिलेगा, सरकार से क्या परमिशन लेनी होगी, और क्या शेयर सीधे बच्चों को दिए जाएंगे या किसी ट्रस्ट के जरिए. ऐसे में उम्मीद है कि आगे इसके बारे में और जानकारी दी जाएगी.
बता दें कि SpaceX दुनिया की सबसे महंगी प्राइवेट कंपनियों में से एक है, जो रॉकेट लॉन्च करने, स्टारलिंक से सैटेलाइट इंटरनेट देने और इंसानों को अंतरिक्ष में भेजने का काम करती है.