सऊदी अरब पर हूतियों ने दागीं मिसाइलें, रियाद एयरपोर्ट और अरामको रिफाइनरी को बनाया निशाना

Ved Prakash Sharma
Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Ved Prakash Sharma
Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Houthi Rebels: सऊदी अरब में कई अहम ठिकानों पर यमन के हूती विद्रोहियों ने मिसाइल और ड्रोन हमला करने का दावा किया है. निशाने पर राजधानी रियाद का किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट और राबिघ में अरामको की रिफाइनरी भी रही. हमलों के बाद सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने हूती हमलों की कड़ी निंदा की है. हूतियों का कहना है कि ये हमले यमन पर सऊदी अरब की सैन्य कार्रवाई के जवाब में किए गए.

हूतियों का दावा- तीन बड़े सैन्य ऑपरेशन किए
हूती सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सरी ने सोमवार को टेलीग्राम पर जारी बयान में कहा कि संगठन ने बड़ी संख्या में बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों तथा ड्रोन का इस्तेमाल करते हुए तीन ‘गुणात्मक सैन्य अभियान’ चलाए. सरी के अनुसार, पहला अभियान रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाकर किया गया. उन्होंने दावा किया कि हमला ‘सटीक और सीधे’ तरीके से किया गया, जिससे हवाई यातायात प्रभावित हुआ.

सरी ने बताया कि दूसरे अभियान में राबिघ स्थित अरामको रिफाइनरी को निशाना बनाया गया. हूती प्रवक्ता ने दावा किया कि यह हमला भी ‘सटीक और सीधे’ तरीके से किया गया और इसके बाद निशाना बनाए गए परिसर में आग लग गई. हूती प्रवक्ता के मुताबिक, तीसरे अभियान में पश्चिम एशिया के सऊदी क्षेत्र असिर में अबहा एयरपोर्ट, खमिस मुशैत एयरबेस और अकीफा कैंप को निशाना बनाया गया. इसके अलावा नाजरान और जिजान में ‘अन्य महत्वपूर्ण ठिकानों’ पर भी हमले किए गए. सरी ने कहा कि इन हमलों को यमन पर सऊदी अरब के हमलों के जवाब में अंजाम दिया गया.

सऊदी हमलों के जवाब में कार्रवाई का दावा

सरी ने कहा कि पिछले 24 घंटों में सऊदी अरब ने यमन पर 60 हवाई और मिसाइल हमले किए. उनके अनुसार, इन हमलों में राजधानी सना के साथ-साथ अल-जौफ, ताइज, हज्जा, सादा और मारिब प्रांतों को निशाना बनाया गया और महिलाओं तथा बच्चों सहित आम नागरिक भी हताहत हुए. हूती प्रवक्ता ने दावा किया कि पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने के बाद से यमन पर सऊदी अरब के हवाई और मिसाइल हमलों की कुल संख्या 1,576 तक पहुंच गई है.

हूतियों की अंतरराष्ट्रीय एयरलाइनों को भी चेतावनी

हूती प्रवक्ता ने सऊदी हवाई क्षेत्र से होकर उड़ान भरने वाली अंतरराष्ट्रीय एयरलाइनों को भी चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि मक्का और मदीना के पवित्र हवाई क्षेत्र को छोड़कर सऊदी हवाई क्षेत्र में उड़ान संचालन को लेकर एयरलाइनों को सावधानी बरतनी चाहिए.

हूती हमलों की सऊदी अरब ने कड़ी निंदा की

हमलों के बाद सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने हूतियों की लगातार जारी कार्रवाई की कड़ी निंदा की. मंत्रालय ने नागरिकों, नागरिक प्रतिष्ठानों और आर्थिक ठिकानों को निशाना बनाने को गंभीर बताया. सऊदी विदेश मंत्रालय ने कहा कि हूती मिलिशिया ने मक्का और मदीना जैसे पवित्र स्थलों के साथ-साथ राजधानी रियाद और अबहा, खमिस मुशैत, जिजान, नाजरान, ताइफ और यनबू जैसे शहरों को भी बार-बार निशाना बनाया है. मंत्रालय के अनुसार, हूतियों ने दक्षिणी लाल सागर और बाब अल-मंदब जलडमरूमध्य में सऊदी जहाजों को भी निशाना बनाया है.

सऊदी विदेश मंत्रालय ने कहा कि 2014 में हूतियों के यमन पर कब्जे के बाद से ही सऊदी अरब राजनीतिक समाधान की दिशा में लगातार प्रयास करता रहा है. हालांकि, सऊदी अरब का आरोप है कि हूतियों ने शांति का रास्ता अपनाने के बजाय सैन्य तनाव बढ़ाने का विकल्प चुना.

सऊदी मंत्रालय ने कहा कि हूती मिलिशिया के लगातार सैन्य अभियान से यमन और वहां के लोगों को और ज्यादा मानवीय तथा आर्थिक संकट झेलना पड़ रहा है. मंत्रालय ने आरोप लगाया कि हूती संगठन बाहरी एजेंडों को आगे बढ़ाने के लिए यमन को और गहरे संकट में धकेल रहा है.

‘अपनी सुरक्षा के लिए उठाएंगे हर जरूरी कदम’

सऊदी अरब ने अपनी क्षेत्रीय सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा के अधिकार को भी दोहराया. मंत्रालय ने कहा कि देश को अपने क्षेत्र, संसाधनों और संप्रभुता की रक्षा करने तथा अपने नागरिकों और वहां रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का पूरा अधिकार है. सऊदी अरब ने कहा कि वह अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत अपनी सुरक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाएगा.

Latest News

क्या आप भी घर की खिड़कियों को हमेशा रखते हैं बंद? बढ़ सकती हैं परेशानियां, जानिए क्या कहता है वास्तु

Vastu Tips: वास्तु शास्त्र में घर में सकारात्मक माहौल बनाए रखने के लिए कई छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखने...

More Articles Like This