Middle East Crisis Advisory: युद्ध के बीच MEA की एडवाइजरी, विदेशों में फंसे भारतीयों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Middle East Crisis Advisory India: मिडिल ईस्ट में जारी भीषण संघर्ष के बीच भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) ने रविवार को विदेशी नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है. बदलते हालात के कारण जिन लोगों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हुई हैं, उनसे कहा गया है कि वे वीजा बढ़ाने या अपने ठहराव को नियमित करने के लिए नजदीकी फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) से संपर्क करें.

एडवाइजरी में स्पष्ट किया गया है कि भारत में मौजूद वे सभी विदेशी नागरिक, जिन्हें पश्चिम एशिया की मौजूदा परिस्थितियों के कारण अपनी यात्रा योजना बदलनी पड़ी है और जिन्हें वीजा एक्सटेंशन या स्टे रेगुलराइजेशन की आवश्यकता है, वे अपने नजदीकी एफआरआरओ कार्यालय से सहायता ले सकते हैं. संबंधित कार्यालय आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा कराने में मदद करेगा.

भारतीय नागरिकों के लिए सुरक्षा अलर्ट

यह निर्देश ऐसे समय में जारी किया गया है जब हालिया सैन्य कार्रवाइयों और बढ़ते तनाव के कारण मिडिल ईस्ट की भू-राजनीतिक स्थिति बेहद अस्थिर बनी हुई है. इसका असर अंतरराष्ट्रीय यात्रा और वीजा व्यवस्थाओं पर भी पड़ा है. इसी के साथ भारत ने क्षेत्र में मौजूद अपने नागरिकों के लिए अलग-अलग सुरक्षा और यात्रा संबंधी सलाह भी जारी की है.

ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास ने नागरिकों से अत्यधिक सावधानी बरतने, गैर-जरूरी यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों के पास रहने की अपील की है. साथ ही सुरक्षा स्थिति में बदलाव की जानकारी स्थानीय समाचार और आधिकारिक स्रोतों से लेते रहने को कहा गया है.

इसके अलावा ईरान में मौजूद भारतीयों को यथासंभव घर के अंदर रहने और अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी गई है. वहीं अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास ने भी यूएई में रहने वाले भारतीय नागरिकों से सतर्क रहने, गैर-जरूरी यात्रा टालने और स्थानीय प्रशासन तथा दूतावास द्वारा जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है.

यूएई में हेल्पलाइन नंबर जारी

भारतीय दूतावास ने बताया कि अबू धाबी में भारतीय दूतावास और दुबई में कॉन्सुलेट जनरल सामान्य तरीके से काम कर रहे हैं और जरूरत पड़ने पर अपडेट जारी करेंगे. किसी भी इमरजेंसी सवाल के लिए यूएई में भारतीय नागरिक टोल फ्री नंबर 800-46342 और व्हाट्सएप नंबर +971543090571 पर संपर्क कर सकते हैं.

सीरिया और इराक के लिए संपर्क विवरण

सीरिया में भारतीय दूतावास ने कहा है कि किसी भी आपात स्थिति में भारतीय नागरिक +963-993385973 पर संपर्क कर सकते हैं. इराक में बगदाद स्थित भारतीय दूतावास और एरबिल में भारत का कॉन्सुलेट जनरल सामान्य तरीके से काम कर रहा है और जरूरत पड़ने पर अपडेट जारी करेगा. बगदाद में भारतीय नागरिक +964 771 651 1185 (इंग्लिश और हिंदी) और +964 770444 4899 (अरबी) नंबर पर संपर्क कर सकते हैं.

कतर और फिलिस्तीन में भी सहायता उपलब्ध

कतर में भारतीय दूतावास ने कहा कि एम्बेसी पहले की तरह काम कर रही है. एम्बेसी का 24×7 हेल्पलाइन नंबर 00974-55647502 है और किसी भी सवाल के लिए cons.doha@mea.gov.in पर ईमेल किया जा सकता है. फिलिस्तीन में भारतीय दूतावास ने कहा कि इमरजेंसी में +970592916418 या repoffice@mea.gov.in पर संपर्क किया जा सकता है.

सऊदी अरब के लिए भी विशेष हेल्पलाइन

सऊदी अरब में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए भी एडवाइजरी जारी करते हुए हेल्पलाइन नंबर साझा किए गए हैं. रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में नागरिक 24×7 हेल्पलाइन नंबर 00-966-11-4884697 पर संपर्क कर सकते हैं.

इसके अलावा व्हाट्सएप के लिए 00-966-542126748 और टोल-फ्री नंबर 800 247 1234 भी उपलब्ध है. जरूरत पड़ने पर नागरिक lw.riyadh@mea.gov.in पर ईमेल के माध्यम से भी सहायता ले सकते हैं.

यह भी पढ़े: Khamenei Death Aftermath. खामेनेई की मौत के बाद भारत में झुका ईरानी दूतावास का झंडा, दुनिया से हमले की निंदा करने की अपील

More Articles Like This

Exit mobile version