नेपाल सीमा पर आधार से एंट्री बंद, वोटर ID, पासपोर्ट या निर्धारित वैध प्रपत्र से ही मिलेगी अनुमति

Must Read

Lakhimpur: भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है. लखीमपुर खीरी के गौरीफंटा बॉर्डर पर आधार कार्ड के जरिए एंट्री पर रोक लगा दी गई है. अब भारत से नेपाल या नेपाल से भारत आने-जाने वाले लोगों को कई और दस्तावेज दिखाने होंगे. तभी यह बॉर्डर पार करने दिया जाएगा. भारत-नेपाल की खुली सीमा पर अब पहले जैसी आसानी से आवाजाही नहीं है. नाबालिग बच्चों के लिए नियमों में छूट रखी गई है.

सीमा पार करने की अनुमति नहीं

आधार कार्ड लेकर बॉर्डर पहुंचे तो सीमा पार करने की अनुमति नहीं मिलेगी. लखीमपुर खीरी के गौरीफंटा बॉर्डर पर सुरक्षा एजेंसियां आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के वैध दस्तावेजों की जांच कर रही हैं. भारत और नेपाल के बीच आवाजाही के लिए वयस्क भारतीय नागरिकों को अब निर्धारित वैध पहचान दस्तावेज दिखाने होंगे. यानी कि वयस्क नागरिकों को वोटर आईडी, पासपोर्ट या निर्धारित वैध प्रपत्र दिखाना होगा.

नाबालिग बच्चों के लिए नियमों में छूट

हालांकि नाबालिग बच्चों के लिए नियमों में छूट रखी गई है. अगर बच्चा वैध दस्तावेज रखने वाले अपने अभिभावक के साथ यात्रा कर रहा है तो निर्धारित व्यवस्था के तहत उसका स्कूल आईडी कार्ड और आधार कार्ड पहचान के लिए स्वीकार किया जा सकता है. मगर, सुरक्षा एजेंसियों की नजर सिर्फ भारतीय और नेपाली नागरिकों की आवाजाही पर ही नहीं है. थर्ड कंट्री यानी तीसरे देशों के नागरिकों के लिए भी अलग व्यवस्था है.

थर्ड कंट्री के नागरिकों की आवाजाही की अनुमति

एसएसबी अधिकारियों के मुताबिक, लखीमपुर खीरी की नेपाल सीमा से थर्ड कंट्री के नागरिकों की आवाजाही की अनुमति नहीं है. इसमें तिब्बती नागरिकों से संबंधित आवाजाही भी शामिल बताई गई है. ऐसे यात्रियों के लिए निर्धारित इमिग्रेशन चेक पोस्ट से ही प्रवेश और निकास की व्यवस्था है. अधिकारियों के मुताबिक इस क्षेत्र के लिए उत्तराखंड का बनबसा चेक पोस्ट निर्धारित विकल्पों में शामिल है.

बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

गौरीफंटा बॉर्डर की इंस्पेक्टर काजल कुमारी ने कहा कि बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है. आने-जाने वाले लोगों के सामान की स्कैनर के जरिए जांच की जा रही है. आधार कार्ड के आधार पर वयस्क लोगों को एंट्री नहीं दी जा रही है. बच्चों के लिए स्कूल आईडी और आधार कार्ड को लेकर निर्धारित छूट है. थर्ड कंट्री के नागरिक इस बॉर्डर से एंट्री नहीं कर सकते. उनके लिए निर्धारित चेक पोस्ट से ही आवाजाही की व्यवस्था है.

120 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा

लखीमपुर खीरी जिला नेपाल के साथ करीब 120 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा साझा करता है. खुली सीमा होने के कारण सुरक्षा एजेंसियों के सामने अवैध घुसपैठ, मानव तस्करी और संदिग्ध आवाजाही रोकना हमेशा बड़ी चुनौती रही है. इसी को देखते हुए बॉर्डर पर दस्तावेजों की जांच से लेकर सामान की स्कैनिंग तक सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया है.

इसे भी पढ़ें. UP: अखिलेश यादव के ‘ब्राह्मण प्रेम’ पर मायावती का हमला, बोलीं- ‘PDA’ में अब ‘P’ से पंडित करना राजनीतिक छल

Latest News

बांग्‍लादेश में तेजी से बढ़ रहे डेंगू के मामले, अब तक 59 लोगों की मौत, एक्‍सपर्ट ने दी चेतावनी

Bangladesh: बांग्लादेश में डेंगू के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. ऐसे में अब तक 59 लोगों की मौत...

More Articles Like This