New Delhi: ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) पर भीषण हमला बोल दिया है. ईरान की ओर से एक साथ कई बैलिस्टिक मिसाइलें, क्रूज मिसाइलें और आत्मघाती ड्रोन दागे गए हैं. हालांकि, यूएई का आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम हाई अलर्ट पर है और आसमान में ही इन मिसाइलों को लगातार इंटरसेप्ट (ढेर) कर रहा है. हमले की गंभीरता को देखते हुए यूएई की नेशनल इमरजेंसी क्राइसिस एंड डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने तुरंत एडवाइजरी जारी की है.
सुरक्षित स्थानों और बंकरों में रहने की अपील
प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों और बंकरों में रहने की अपील की है. साथ ही सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सरकारी अपडेट्स पर ही भरोसा करने को कहा गया है. इससे खाड़ी देशों में शांति की कोशिशों को एक बार फिर से बड़ा झटका लगा है. अमेरिका और ईरान के बीच हुई हालिया मिसाइल झड़प के ठीक एक रात बाद ईरान ने संयुक्त अरब UAE पर यह हमला किया है.
अब कानूनी रास्ता अख्तियार करने का मन बनाया
वहीं बार-बार हो रहे इन हमलों से निपटने के लिए यूएई ने अब कानूनी रास्ता अख्तियार करने का मन बना लिया है. हमलों में हुए जान-माल के नुकसान का डेटा जुटाने के लिए एक हाई-पावर कमेटी का गठन किया गया है. हैरानी की बात यह है कि यह तनाव उस वक्त बढ़ा है जब 8 अप्रैल को ही अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम पर सहमति बनी थी. ठीक एक महीने की शांति के बाद सोमवार को ईरान ने यूएई पर 15 मिसाइलें और 4 ड्रोन दागे थे, जिसकी भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित दुनिया के दिग्गज नेताओं ने कड़ी निंदा की थी.
अब तक 13 लोगों की जा चुकी है जान
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, इस पूरे संघर्ष के दौरान ईरान अब तक 2000 से ज्यादा ड्रोन और सैकड़ों बैलिस्टिक मिसाइलें दाग चुका है. एयर डिफेंस की मुस्तैदी के बावजूद अब तक 13 लोगों की जान जा चुकी है और 200 से अधिक लोग जख्मी हुए हैं. यूएई के तेल और ऊर्जा ठिकानों को भी इन हमलों में निशाना बनाया गया है, जिससे भारी आर्थिक क्षति हुई है.
इसे भी पढ़ें. West Bengal: अमित शाह की मौजूदगी में होगी BJP विधायक दल की बैठक, CM के नाम पर लगेगी मुहर

