कुवैत एयरपोर्ट पर ईरान के हमले में भारतीय युवक की मौत, बेटे के जाने से परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़

New Delhi: ईरान के कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भीषण ड्रोन हमले में एक निर्दोष भारतीय युवक की मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक. यह हमला एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर हुआ, जिसमें मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले का नागदा निवासी 55 वर्षीय मंजूर अहमद की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद मंजूर अहमद के परिवार में कोहराम मच गया. कुवैत के रक्षा और गृह मंत्रालय ने इस हमले में मृत भारतीय नागरिक के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है.

ड्रोनों से बनाया निशाना 

कुवैती सेना और गृह मंत्रालय के अनुसार, टर्मिनल-1 को कई ड्रोनों से निशाना बनाया गया, जिसमें मंजूर अहमद की जान चली गई और कई अन्य कर्मचारी व यात्री घायल हो गए. मंजूर पिछले 30 सालों से अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए कुवैत में दर्जी का काम कर रहे थे और एक लंबे अरसे के बाद खुशी-खुशी घर लौट रहे थे. मंजूर अहमद बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे कुवैत से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाले थे, जहां से उन्हें ट्रेन द्वारा अपने गृह नगर पहुंचना था.

स्टेशन पर फूल-मालाओं के साथ इंतजार

उनके परिवार ने उनके स्वागत की भव्य तैयारियां कर रखी थीं और रेलवे स्टेशन पर फूल-मालाओं के साथ उनका इंतजार करने की योजना बनाई थी. मंजूर 8 जून को पड़ोसी जिले रतलाम में होने वाली अपने भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए आ रहे थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था. उनकी मौत की खबर मिलते ही शादी वाले घर की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं.

पिता से हुई थी बात 

मंजूर के 18 वर्षीय बेटे अनस अहमद ने रुंधे गले से बताया कि मंगलवार को ही उनकी पिता से बात हुई थी, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि यह उनकी आखिरी बातचीत होगी. उज्जैन के जिलाधिकारी रौशन सिंह ने पुष्टि की है कि मंजूर अहमद का पार्थिव शरीर विमान से अहमदाबाद लाया जाएगा और वहां से सड़क मार्ग द्वारा उज्जैन के नागदा पहुंचाया जाएगा.

भारत की राजदूत ने किया केंद्रीय शवगृह का दौरा 

वहीं, कुवैत में भारत की राजदूत परमिता त्रिपाठी ने केंद्रीय शवगृह का दौरा किया और घायल भारतीयों से अस्पतालों में मुलाकात कर उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है. भारतीय दूतावास लगातार कुवैती अधिकारियों के संपर्क में है, ताकि पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत भेजा जा सके. यह दुखद घटना ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का परिणाम है.

इसे भी पढ़ें. ट्रंप का अब तक का सबसे सख्त कदम, क्यूबा के राष्ट्रपति पर लगाए कड़े प्रतिबंध, संपत्ति और बैंक खाते होंगे फ्रीज

Latest News

31 October 2026 Ka Panchang: शनिवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

31 October 2026 Ka Panchang: 31 अक्टूबर 2026, शनिवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की षष्ठी तिथि है. षष्ठी तिथि...

More Articles Like This

Exit mobile version