Italy Burqa Niqab Ban: इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने मुस्लिम महिलाओ के लिए एक बड़ी घोषणा की है. उन्होंने अपने पार्टी के युवा सम्मेलन में ऐलान किया कि इटली के स्कूलों में बुर्का और नकाब बैन होगा. जॉर्जिया मेलोनी ने कहा कि न सिर्फ स्कूलों में मुंह ढकने वाले बुर्का और नकाब पहनने पर पाबंदी होगी, बल्कि विदेशी छात्रों की संख्या भी सीमित की जाएगी और विदेशी छात्रों के माता-पिता के लिए इटैलियन भाषा सीखना भी अनिवार्य होगा.
मेलोनी का कहना है कि जो लोग इटली में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं, उन्हें देश की भाषा, संस्कृति और नियमों का सम्मान करना होगा.दक्षिणपंथी सरकार की मुखिया जॉर्जिया मेलोनी कहना है कि यह कदम लैंगिक समानता और एकीकरण को मजबूत करने के लिए उठाया जा रहा है.
खुद को छिपाने के लिए मजबूर नहीं कर सकती कोई भी परंपरा
युवा सम्मेलन के दौरान मेलोनी ने जोर दिया कि स्कूल में चेहरा खुला रखना जरूरी है और कोई भी परंपरा किसी को खुद को छिपाने के लिए मजबूर नहीं कर सकती. दरअसल, साल 2027 के चुनावों से पहले इमीग्रेशन का मुद्दा प्रमुख बनने वाला है, इसलिए मेलोनी की सरकार सख्त रुख अपना रही है. इससे पहले भी कई और देश ऐसे रहे हैं, जिन्होंने ये कदम उठाया है.
क्या कहता है इटली का कानून?
दरअसल, इटली में रहने वाली मुस्लिम महिलाएं अपने चेहरे को ढकने के लिए कई बार बुर्का या कपड़े का इस्तेमाल करती हैं. 1975 का इटली में बना कानून सीधा बुर्का पर तो नहीं लेकिन हेलमेट या किसी ऐसे कपड़े से चेहरा ढकने पर रोक लगाता है, जिससे आपकी पहचान छिपे. वहीं, साल 2008 में एक नियम के तहत कहा गया कि अगर चेहरा ढका नहीं है तो धार्मिक और सांस्कृतिक वजहों से इसे पहना जा सकता है.
वहीं, इसी साल मेलोनी की पार्टी की ओर से एक बिल रखा गया था, जिसमें धार्मिक जगहों और विशेष परिस्थितियों को छोड़कर चेहरा ढकने पर पूरी तरह पाबंदी का प्रस्ताव रखा गया. मेलोनी की यह योजना सरकार की मंजूरी के बाद 60 दिनों में संसद से पास करनी होगी. यह कदम यूरोप में बढ़ते एकीकरण और सुरक्षा संबंधी बहस का हिस्सा है.
किन-किन देशों में है प्रतिबंध?
- यूरोप में कई देशों ने पहले ही चेहरा ढकने वाले कपड़ों पर पाबंदी लगाई है, जिसमें फ्रांस 2011 में पहला देश था जिसने सार्वजनिक जगहों पर बुर्का-नकाब प्रतिबंधित किया.
- वहीं, बेल्जियम, ऑस्ट्रिया, डेनमार्क, बुल्गारिया और स्विट्जरलैंड में भी सार्वजनिक स्थानों पर पूर्ण चेहरा ढकने पर रोक है. नीदरलैंड में स्कूल, अस्पताल और सार्वजनिक परिवहन में आंशिक प्रतिबंध है.
- इसके अलावा, पुर्तगाल ने भी हाल ही में सार्वजनिक जगहों पर चेहरा ढकने वाले कपड़ों पर पाबंदी लगाई है. अफ्रीका के कुछ देशों जैसे कैमरून, चाड और मोरक्को में सुरक्षा कारणों से प्रतिबंध हैं.
- चीन में शिनजियांग क्षेत्र में उइगर मुस्लिम समुदाय के लिए चेहरा ढकने वाले कपड़ों पर सख्त पाबंदी है. वहीं 2014-2017 के बीच कई नियम बनाए गए, जिनमें असामान्य दाढ़ी और चेहरा ढकने वाले कपड़ों को उग्रवाद का प्रतीक माना गया.