New Delhi: श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है. प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोट की वजह से टीम से बाहरहो गए हैं. बुमराह चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं. इसी वजह से वह इस दौरे का हिस्सा नहीं होंगे. बीसीसीआई सूत्रों के मुताबिक, बुमराह अभी भी इम्पैक्ट इंजरी से रिकवरी कर रहे हैं और मेडिकल टीम उन्हें जल्दबाजी में मैदान पर उतारने के पक्ष में नहीं है.
बुमराह ने फिटनेस टेस्ट पास कर लिया
हालांकि, दो दिन पहले यानी 31 जुलाई को न्यूज एजेंसी पीटीआई ने रिपोर्ट दी थी कि बुमराह ने फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है और वह श्रीलंका में खेलने के लिए तैयार हैं. अब इस रिपोर्ट ने भारतीय फैंस को काफी निराश किया है. विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के फाइनल में पहुंचने के लिए भारत को हर हाल में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीतनी जरूरी है.
पूरी तीव्रता झेलने के लिए फिट
बुमराह की रिकवरी तय योजना के अनुसार जारी है, लेकिन वह अभी टेस्ट क्रिकेट की पूरी तीव्रता झेलने के लिए फिट नहीं हैं. ऐसे में टीम प्रबंधन और बीसीसीआई ने उनकी वापसी को लेकर कोई जोखिम नहीं लेने का फैसला किया है. बोर्ड चाहता है कि स्टार तेज गेंदबाज पूरी तरह फिट होने के बाद ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लौटें. बुमराह की गैरमौजूदगी भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है.
विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाने की क्षमता बेहद अहम
नई गेंद से विकेट लेने और लंबे स्पैल में विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाने की उनकी क्षमता टीम के लिए बेहद अहम रहती है. श्रीलंका की परिस्थितियों में भी उनका अनुभव भारत के काफी काम आ सकता था. अब चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन को उनकी जगह किसी दूसरे तेज गेंदबाज पर भरोसा करना होगा. इससे युवा गेंदबाजों के लिए खुद को साबित करने का मौका भी मिलेगा.
फिटनेस के साथ किसी तरह का समझौता नहीं
बीसीसीआई का मानना है कि बुमराह जैसे अहम खिलाड़ी की फिटनेस के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता. आने वाले महीनों में भारत को कई महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलने हैं, इसलिए बोर्ड उनकी वापसी तभी कराना चाहता है जब मेडिकल टीम उन्हें पूरी तरह फिट घोषित कर दे.
इसे भी पढ़ें. देश के पहले ग्लास फ्लोर केबल सस्पेंशन ब्रिज बजरंग सेतु पर चलने के लिए लगेगा टिकट! जानें एंट्री फीस, टाइमिंग और खासियत

