CWG 2026: ग्लास्गो के रेस्तरां में भारत के नक्शे से ‘नॉर्थ ईस्ट’ गायब, भड़कीं लवलीना ने लगा दी क्लास

Must Read

CWG 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में बॉक्सिंग खेलों के खत्म होते ही रिंग के बाहर एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. ग्लास्गो के एक भारतीय रेस्तरां में भारत के नक्शे को गलत तरीके से दिखाया गया था. भारतीय दल के खिलाड़ियों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान परोसे गए नैपकिन पर छपे भारत के नक्शे में पूर्वोत्तर राज्यों को नहीं दिखाया गया था. इस पर ओलंपिक कांस्य पदक विजेता और भारतीय मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने कड़ी आपत्ति जताई.

नक्शे को देखते ही अपनी नाराजगी

लवलीना ने ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीता. उन्हें फाइनल में हार मिली. असम की रहने वाली लवलीना ने नैपकिन पर छपे नक्शे को देखते ही अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि नैपकिन पर बने नक्शे में हमारा पूर्वोत्तर नहीं दिखाया गया है. बाहर भी मैप लगा है, उसमें भी हमारा नॉर्थ ईस्ट नहीं है. ये मुझे बहुत बुरा लगा. भारत का हर हिस्सा महत्वपूर्ण है और उसे सही तरीके से दिखाया जाना चाहिए. उनकी इस टिप्पणी के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया.

बीएफआई ने भी नक्शे पर उठाए सवाल 

भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) के अध्यक्ष अजय सिंह ने भी रेस्तरां द्वारा इस्तेमाल किए गए नक्शे पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि नैपकिन पर केवल पूर्वोत्तर ही नहीं, बल्कि जम्मू-कश्मीर का भी अधूरा चित्रण किया गया है. उन्होंने रेस्तरां प्रबंधन से अपील करते हुए कहा कि सिर्फ नॉर्थ ईस्ट नहीं, इसमें कश्मीर भी पूरा नहीं है. गलत नक्शे वाले सभी नैपकिन तुरंत हटाए जाएं और उनकी जगह भारत की संपूर्ण भौगोलिक सीमा को सही ढंग से दर्शाने वाले नक्शे का इस्तेमाल किया जाए.

विशिष्ट मेहमानों की मेजबानी

ग्लास्गो का ‘मिस्टर सिंह्स इंडिया– द होम ऑफ करी’ शहर के लोकप्रिय भारतीय रेस्तरां में शामिल है. पिछले तीन दशकों से संचालित यह रेस्तरां अक्सर विभिन्न देशों के खिलाड़ियों और विशिष्ट मेहमानों की मेजबानी करता रहा है. हालांकि, विवाद सामने आने के बाद भी रेस्तरां प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

इसे भी पढ़ें. ‘साजिश का हुआ शिकार, फिर से लौट रहा मेरा दौर’, अपने पुराने दिनों को याद कर भावुक हुए सोनू निगम

Latest News

मन में बार-बार आते है नकारात्‍मक विचार, फॉलो करें ये टिप्स, मिलेगा नेगेटिव थॉट्स से छुटकारा  

Rid of Negative Thoughts: अक्‍सर कई लोगों के मन में  बार-बार नकारात्‍मक विचार आते हैं. लोग कुछ भी करते...

More Articles Like This