Middle East Conflict: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत चल रही है, यह ईरान के लिए आखिरी मौका है. इस बार यदि समझौता नहीं हुआ तो दोनों देशों के बीच पिछले पांच महीनों से जारी तनाव और संघर्ष और बढ़ सकता है. हालांकि ईरान ने ट्रंप के इस दावे को खारिज कर दिया है. उसका कहना है कि तेरहान की अमेरिका से कोई सीधी बातचीत नहीं हो रही है. वह फिलहाल ओमान के साथ होरमुज़ जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर रहा है.
पाकिस्तान ने ईरानी विदेश मंत्री को दिया न्यौता
इसी बीच, पाकिस्तान ने ईरान के शीर्ष नेताओं को इस्लामाबाद आने का न्योता दिया है, जिसके बाद माना जा रहा है कि पाकिस्तान, ईरान और अमेरिका के बीच रुकी हुई बातचीत को फिर से शुरू कराने की कोशिश कर रहा है. रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद इशाक डार ने सोमवार देर रात फोन पर ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची से बात की और उन्हें जितनी जल्दी संभव हो इस्लामाबाद आने का निमंत्रण दिया. इसके अलावा, पाकिस्तान की नेशनल असेंबली के स्पीकर अयाज सादिक ने भी ईरान के वरिष्ठ नेता और मुख्य वार्ताकार बाघेर गालिबाफ को इस सप्ताह पाकिस्तान आने का निमंत्रण दिया है. फिलहाल अभी यह स्पष्ट नहीं है कि ईरान ने इन निमंत्रणों का क्या जवाब दिया है और दोनों देशों के नेताओं की मुलाकात कब हो सकती है.

