उत्तर कोरिया हर साल बनाएगा दो विध्वंसक युद्धपोत, परमाणु-सक्षम नौसेना बनाने की तैयारी में जुटे किम जोंग

North Korea: उत्तर कोरिया ने नए 5,000 टन वजनी विध्वंसक पोत ‘कांग कोन’ पर लगी परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम क्रूज मिसाइल और अन्य हथियारों के परीक्षण किया है. यह परीक्षण परमाणु हथियारों से लैस नौसेना बनाने की किम जोंग की योजना के तहत किया गया उत्तर कोरिया का नवीनतम सैन्य शक्ति प्रदर्शन है. ‘कांग कोन’ पिछले साल जलावतरण समारोह के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया था और बाद में इसकी मरम्मत की गई.

स्वचालित तोपों का परीक्षण

देश के नेता किम जोंग उन ने परीक्षण का निरीक्षण किया. सरकारी मीडिया ने रविवार को यह जानकारी दी. सरकारी समाचार एजेंसी ‘कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी’ (केसीएनए) ने बताया कि शुक्रवार को हुए कार्यक्रम में एक रणनीतिक क्रूज मिसाइल, ‘कांग कोन’ की मुख्य तोप और स्वचालित तोपों का परीक्षण किया गया. इसके अलावा पोत की इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणालियों का परीक्षण और लक्ष्य का पता लगाने एवं सूचनाओं का विश्लेषण करने की उसकी क्षमताओं का आकलन भी किया गया.

दो महीने के भीतर सेवा में शामिल

सरकारी समाचार एजेंसी ने बताया कि किम ने तट से इन परीक्षणों का निरीक्षण करने के बाद अधिकारियों को विध्वंसक पोत के परीक्षण पूरे कर उसे दो महीने के भीतर सेवा में शामिल किए जाने का निर्देश दिया. ये परीक्षण उत्तर कोरिया द्वारा जून के अंत में अपने पहले 5,000 टन वजनी विध्वंसक पोत ‘चोए ह्योन’ को नौसेना में शामिल किए जाने के बाद किए गए हैं.

नौसैनिक क्षमताओं के विस्तार पर अधिक ध्यान

किम ने इस अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में कहा कि उनकी नौसेना को परमाणु हथियारों से लैस करने की प्रक्रिया योजना के अनुसार आगे बढ़ रही है. कई वर्षों तक बैलिस्टिक मिसाइलों के विकास को प्राथमिकता देने के बाद किम अब परमाणु ऊर्जा से संचालित पनडुब्बी के निर्माण समेत नौसैनिक क्षमताओं के विस्तार पर अधिक ध्यान दे रहे हैं. ‘कांग कोन’ का ‘चोए ह्योन’ के एक महीने बाद मई 2025 में अनावरण किया गया था, लेकिन उत्तरी बंदरगाह चोंगजिन में जलावतरण की असफल कोशिश के दौरान यह क्षतिग्रस्त हो गया था.

बड़े विध्वंसक पोत को विकसित करने का भी आह्वान

इस घटना पर किम ने कड़ी नाराजगी जताई थी. उत्तर कोरिया ने बाद में कहा था कि पोत को मरम्मत के बाद जून में फिर से पानी में उतार दिया गया लेकिन विदेशी विशेषज्ञों ने इस बात पर संदेह जताया है कि क्या यह सक्रिय सेवा के लिए वास्तव में तैयार है. किम ने अगले पांच वर्ष में हर साल दो नए 5,000 टन वजनी युद्धपोत बनाने और 10,000 टन वजनी एक बड़े विध्वंसक पोत को विकसित करने का भी आह्वान किया है.

इसे भी पढ़ें. खामेनेई के अंतिम संस्कार में मंच से खुला आह्वानः ‘अब ट्रंप को मार डालो, अब तक जीवित क्यों है…?’

Latest News

सऊदी अरब ने अमेरिका से मिले बोइंग 777-200 विमान प्रतिबंधित एयरलाइन को बेचा? सउदिया ने बताई सच्चाई

Saudia Boeing Aircraft: सऊदी अरब की नेशनल एयरलाइन 'सउदिया' ने शनिवार को मीडिया और सोशल मीडिया पर तेजी से...

More Articles Like This

Exit mobile version