Peru earthquake: पेरू के एंडीज इलाके में 5.5 तीव्रता का भूकंप आया, जिससे वहां पांच लोगों की मौत हो गई. अधिकारियों के मुताबिक, इस भूकंप के चलते 20 से ज्यादा लोग घायल हुए और 300 लोग बेघर हुए है. यूएस जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार, भूकंप शनिवार की रात 9:24 बजे आया, जिसका केंद्र हुआनकायो प्रांत के सिकाया शहर से 2 किलोमीटर (1.24 मील) पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम में जमीन से 10 किलोमीटर (6.21 मील) की गहराई पर था.
पेरू के नेशनल सिविल डिफेंस इंस्टीट्यूट ने बताया कि फिलहाल लापता लोगों की सटिक संख्या अभी पता नहीं चल पाया है. इस दौरान कई इमारतें ढह गईं या उन्हें नुकसान पहुंचा, जिनमें स्थानीय चर्च और कॉन्वेंट भी शामिल हैं. स्थानीय सिविल डिफेंस ऑफिस के प्रमुख लुइस वास्केज ने बताया कि एंडीज इलाके में निर्माण कार्य में कच्ची मिट्टी (एडोब) जैसी चीजों के इस्तेमाल से “नुकसान और असर ज्यादा हुआ है.”
पेरू में क्यों आते है ज्यादा भूकंप
बता दें कि पेरू में भूकंप अक्सर आते रहते हैं, क्योंकि यह प्रशांत महासागर के “रिंग ऑफ फायर” इलाके में स्थित है. स्थानीय मीडिया द्वारा दिखाई गई तस्वीरों में सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में से एक, चोंगो बाजो के खेती वाले इलाके में पीड़ितों के रिश्तेदारों का दुख देखा गया. यहां लोग बुरी तरह क्षतिग्रस्त घरों के बाहर कंबल ओढ़कर बैठे थे. मलबे के नीचे जानवर भी देखे गए. हर्मेनेगिल्डा गुआमालाटो ने एक स्थानीय रेडियो को बताया, “मेरा घर तबाह हो गया है.” वह अपने तीन बच्चों के साथ रहने के लिए पड़ोसी प्रांत हुआयुकाची में जगह ढूंढ रही थीं. 2007 में, इका इलाके के पिस्को प्रांत में 7.9 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें लगभग 600 लोगों की मौत हो गई थी.
पेरू दक्षिणी अमरीका महाद्वीप में स्थित एक देश है. इसकी राजधानी लीमा है. प्रमुख नदी अमेजॉन और मुद्रा न्यूवो सोल है. यहां तीन तरह की जलवायु पाई जाती है- एँडीज में सर्द, तटवर्ती मैदानों में खुश्क-सुहानी और वर्षा वाले जंगलों में गर्म और उमस वाली. यह देश इंका नाम की प्राचीन सभ्यता के लिए भी जाना जाता है.