PM Modi Seychelles Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 से 29 जून तक सेशेल्स की राजकीय यात्रा पर रहेंगे. अपनी इस यात्रा पर रवाना होने से पहले उन्होने अहम संदेश जारी किया है. पीएम मोदी ने बताया कि सेशेल्स गणराज्य के राष्ट्रपति, डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के निमंत्रण पर मैं वहां जा रहा हूं. जहां ‘गेस्ट ऑफ ऑनर’ के तौर पर सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल रहूंगा.
पीएम मोदी ने कहा कि सेशेल्स हमारा एक महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी है. हमारे ‘विजन महासागर’ और ‘ग्लोबल साउथ’ के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता में एक अहम साझेदार है. उन्होंने कहा कि हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा और समृद्धि को बढ़ावा देने और अपने लोगों की तरक्की के लिए हम काम करेंगे.
राष्ट्रपति हर्मिनी से बातचीत के लिए उत्सुक पीएम मोदी
सेशेल्स दौरे को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि इस साल, हम अपने राजनयिक संबंधों की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ भी मना रहे हैं, जो आपसी विश्वास, साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, विविधता के प्रति सम्मान और हमारे लोगों के बीच गहरे जुड़ाव पर आधारित हैं. उन्होंने कहा कि फरवरी 2026 में राष्ट्रपति हर्मिनी की भारत की सफल राजकीय यात्रा के बाद, मैं हमारी स्थायी दोस्ती को और मजबूत करने के उद्देश्य से होने वाली बातचीत के लिए उत्सुक हूं. हम मिलकर अपने लोगों की प्रगति को आगे बढ़ाने और हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए काम करेंगे.
हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सहयोग को बढ़ाएगी यात्रा: PM
- पीएम मोदी ने कहा कि मुझे विश्वास है कि मेरी यह यात्रा दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को और गहरा करेगी.
- इसके अलावा, हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सहयोग को बढ़ाएगी और एक सुरक्षित, शांतिपूर्ण और समृद्ध हिंद महासागर क्षेत्र के हमारे साझा विजन को आगे बढ़ाएगी. इससे पहले विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और सेशेल्स के बीच लंबे समय से साझेदारी है.
- ये साझा ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और लोगों के बीच आपसी संबंधों पर आधारित है.
- हिंद महासागर क्षेत्र में एक अहम समुद्री पड़ोसी होने के नाते, सेशेल्स भारत के ‘विजन महासागर’ (क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए आपसी और समग्र प्रगति) और ‘ग्लोबल साउथ’ के प्रति हमारी प्रतिबद्धता में एक खास स्थान रखता है.
विदेश मंत्रालय ने पीएम मोदी की यात्रा को लेकर क्या कहा
उन्होंने आगे कहा कि इस यात्रा से दोनों देशों के बीच मजबूत और लंबे समय से चली आ रही दोस्ती को फिर से पक्का करेगी और सभी क्षेत्रों में आपसी संबंधों को बेहतर बनाने की दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को मजबूत करेगी. वहीं, इससे पहले अप्रैल में विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मॉरीशस में 9वें हिंद महासागर सम्मेलन के दौरान सेशेल्स के अपने समकक्ष बैरी फॉरे से मुलाकात की थी और विक्टोरिया को मौजूदा आर्थिक चुनौतियों से निपटने में मदद करने के लिए नई दिल्ली की प्रतिबद्धता जताई थी.