London: लंदन में प्रवासी भारतीयों ने प्रधानमंत्री मोदी के समर्थन में प्रदर्शन किया. इस दौरान उन्होंने भारतीय उच्चायोग के बाहर तिरंगा लहराया और PM के पक्ष में नारे भी लगाए. भारत माता की जय, मोदी- मोदी और जय श्री राम नारे लगा प्रधानमंत्री और भारत सरकार के प्रति अपना समर्थन जताया. मौजूद लोगों ने कहा कि वो विदेशों में भारत की छवि बचाने के लिए इकट्ठा हुए हैं. उनका मानना है कि कुछ प्रदर्शन ऐसे हैं जिनका मकसद देश की साख को नुकसान पहुंचाना है.
भारत निर्वाचन आयोग को निशाना
यह समर्थन ऐसे समय में सामने आया है, जब भारत में कांग्रेस के नेतृत्व वाले ‘इंडिया’ गठबंधन और ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) द्वारा विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं. ये समूह मतदाता सूची के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (एसआईआर) को लेकर भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) को निशाना बना रहे हैं. विपक्षी समूहों प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगा मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं.
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बदनाम करने की कोशिश
लंदन में रहने वाले एक भारतीय ने बताया कि इस सभा का उद्देश्य उन कोशिशों का विरोध करना था, जिन्हें वे भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बदनाम करने की कोशिश मानते हैं. उन्होंने कहा कि आज हम लंदन के भारत भवन में उन लोगों का विरोध करने के लिए इकट्ठा हुए हैं, जो हमारी नजर में भारत को बदनाम कर रहे हैं. भारतीय राष्ट्रवादी होने के नाते, हम उनके कामों का जवाब देने और अपने देश के बचाव में आवाज उठाने के लिए एक साथ आए हैं.
आप असल में किस बात का विरोध कर रहे हैं?
भारत सरकार का विरोध करने वालों के तरीके पर सवाल उठाते हुए, वहां मौजूद एक व्यक्ति ने कहा कि लोकतंत्र में शिकायतों का समाधान कानूनी और संवैधानिक तरीकों से होना चाहिए, न कि ऐसे प्रदर्शनों से, जिनसे विदेशों में देश की छवि खराब हो सकती है. उन्होंने आगे कहा कि आप असल में किस बात का विरोध कर रहे हैं? भारत एक लोकतांत्रिक देश है. अगर आपको कोई शिकायत है, तो आप अदालतों, यहां तक कि सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटा सकते हैं और कानूनी व्यवस्था के जरिए न्याय पा सकते हैं. आपके पास सबूत कहां हैं? ऐसा लगता है कि आपका विरोध इसलिए है क्योंकि आप प्रधानमंत्री मोदी, उनके नेतृत्व और भारत की तरक्की को पसंद नहीं करते हैं.
इसे भी पढ़ें. भारत पर 100% अमेरिकी टैरिफ का खतरा टला, रूस से तेल-गैस खरीद पर ट्रंप ने दी छूट

