PM Modi Visit France: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को फ्रांस पहुंचे, जहां वो रविवार को राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ बातचीत करेंगे और जी-7 शिखर सम्मेलन में भी शामिल होंगे. इस दौरान वह द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से नवाचार पर केंद्रित प्रमुख कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे.
बता दें कि पीएम मोदी फ्रांस और स्लोवाकिया की अपनी पांच दिन की यात्रा के पहले चरण में नीस पहुंचे हैं, नीस कोटे दा अजूर हवाई अड्डे पर फ्रांस के शिक्षा मंत्री एडुआर्ड गेफ्रे, उच्च शिक्षा, अनुसंधान और अंतरिक्ष मंत्री फिलिप बैप्टिस्ट, भारत में फ्रांस के राजदूत थिएरी माथू, नीस के महापौर एरिक सिओटी और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया.
राष्ट्रपति मैक्रों से मिलने को उत्सुक पीएम मोदी
इस दौरान पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि “नीस पहुंच गया हूं. फ्रांस की इस यात्रा में नीस के अलावा एवियन और पेरिस में भी कार्यक्रम होंगे. जिसमें द्विपक्षीय और बहुपक्षीय बैठकें होंगी, जिनका मकसद विकास के अहम साझेदारों के साथ भारत की दोस्ती को और मजबूत करना है. मैं कल फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों से मिलने और ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम में शामिल होने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं.”
नीस के मेयर सम्मान में फहराया तिरंगा
पीएम मोदी ने कहा कि “नीस में भारतीय समुदाय की ओर से यादगार स्वागत. भले ही वे घर से कई किलोमीटर दूर हों, लेकिन भारत के साथ हमारे प्रवासी समुदाय का रिश्ता पहले की तरह ही मजबूत बना हुआ है.”
पीएम मोदी के आगमन के सम्मान में नीस के मेयर कार्यालय सिटी हॉल में तिरंगा फहराया गया. ये किसी विदेशी नेता के लिए एक दुर्लभ सम्मानजनक कदम माना जाता है. बता दें कि फ्रांस के दौरे के बाद पीएम मोदी 14-15 जून को राजकीय यात्रा पर स्लोवाकिया जाएंगे.