पुर्तगाल में लगातार आ रहे तूफानों से मची तबाही, 11 लोगों की मौत; तेज बहाव में बह गई कार

Aarti Kushwaha
Aarti Kushwaha
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Aarti Kushwaha
Aarti Kushwaha
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Portugal Storms: पुर्तगाल में लगातार आ रहे तूफानों ने भारी तबाही मचा रखी है. इस तूफान के वजह से जनवरी के अंत से अबतक करीब 11 लोगों की जान जा चुकी है. ताजा घटना में 64 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई. यह हादसा दक्षिणी पुर्तगाल के सेरपा क्षेत्र में पियास के पास अमोरेइरा बांध के नजदीक हुआ. व्यक्ति सड़क पार करने की कोशिश कर रहा था, तभी बाढ़ का तेज पानी उसकी कार को बहा ले गया.

समाचार एजेंसी के मुताबिक, जिस सड़क से वह गुजर रहा था वहां पानी तेजी से भर रहा था. अचानक आई बाढ़ अपने चरम पर थी और तेज बहाव में कार बह गई. यह जानकारी राष्ट्रीय रिपब्लिकन गार्ड के एक अधिकारी के हवाले से दी गई.

कई तूफानी प्रणालियों की चपेट में पुर्तगाल

हाल के दिनों में पुर्तगाल लगातार कई तूफानी प्रणालियों की चपेट में रहा है. इससे देशभर में भारी नुकसान हुआ है. अब तक तूफान क्रिस्टिन सबसे ज्यादा विनाशकारी साबित हुआ है. इसके बाद तूफान लियोनार्डो ने बुधवार से देश को प्रभावित करना शुरू किया.

पीएम मोंटेनेग्रो ने की 2.5 बिलियन यूरो सहायता पैकेज की घोषणा

इससे पहले पुर्तगाल के प्रधानमंत्री लुईस मोंटेनेग्रो ने तूफान क्रिस्टिन के बाद परिवारों और कारोबारियों की मदद के लिए 2.5 बिलियन यूरो के सहायता पैकेज की घोषणा की थी. इस तूफान में कम से कम आठ लोगों की मौत हुई थी और पूरे देश में भारी तबाही हुई थी. इसके बाद सरकार ने राष्ट्रीय आपदा की स्थिति को और आगे बढ़ाने का फैसला किया.

राष्‍ट्रीय आपदा की बढ़ाई गई अवधि

मंत्रिपरिषद की आपात बैठक के बाद सरकार ने यह पैकेज घोषित किया और राष्ट्रीय आपदा की स्थिति को 8 फरवरी तक बढ़ा दिया. इस पैकेज में घरों के पुनर्निर्माण के लिए सहायता, परिवारों को आय सहायता, कारोबारियों को नकदी मदद और कर व ऋण भुगतान में राहत शामिल है.

किसे मिलेगी कितनी सहायता राशि

बीमा रहित मुख्य घरों, कृषि और वानिकी कार्यों के लिए सीधे अनुदान दिए जाएंगे, जिनकी राशि अधिकतम 10 हजार यूरो तक हो सकती है. जिन परिवारों को आय का नुकसान हुआ है, उन्हें प्रति व्यक्ति 537 यूरो तक की मदद मिलेगी. एक परिवार को अधिकतम 10,075 यूरो तक सहायता दी जा सकेगी.

सामाजिक सुरक्षा अंशदान में मिलेगी छूट

प्रभावित इलाकों के कारोबारियों को छह महीने तक सामाजिक सुरक्षा अंशदान में छूट मिलेगी. इसके अलावा तीन महीने के लिए एक सरल अस्थायी छंटनी योजना तक पहुंच का लाभ मिलेगा. कारोबार और मुख्य घरों के ऋण पर 90 दिनों की मोहलत दी जाएगी, जिसे जरूरत पड़ने पर 12 महीने तक बढ़ाया जा सकता है.

सरकार ने कारोबार को संभालने और लंबे समय की मजबूती के लिए कुल 1.5 बिलियन यूरो की दो ऋण सुविधाएं शुरू करने का भी फैसला किया है. साथ ही परिवहन ढांचे, सार्वजनिक भवनों और सांस्कृतिक धरोहर की मरम्मत के लिए अतिरिक्त सरकारी धन दिया जाएगा.

स्थानीय मीडिया के अनुसार, बुधवार से देश को नुकसान पहुंचा रहे तूफान क्रिस्टिन के कारण अब तक कम से कम आठ लोगों की मौत हो चुकी है. सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में लेइरिया, कोइम्ब्रा, सांतारेम जिला और लिस्बन शामिल हैं.

इसे भी पढें:-भारतीय नौसेना की बढ़ेगी ताकत, अमेरिका से खरीदेगा 6 और P8 I विमान, समुदी सुरक्षा में होगा मददगार

Latest News

अंतरराष्ट्रीय शांति, सुरक्षा के लिए ‘गंभीर क्षण’, ‘न्यू स्टार्ट’ संधि के खत्‍म होने को लेकर बोले यूएन प्रमुख

Russia-us relations: अमेरिका और रूस के बीच इस समय ‘न्‍यू स्‍टार्ट’ संधि को लेकर तनाव बढ़ा हुआ. ऐसे में...

More Articles Like This