Abu Dhabi: ईरान युद्ध के दौरान हमले का शिकार होने के बाद से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने अमेरिका और इजरायल के साथ अपने रिश्ते मजबूत किए हैं. इसी बीच UAE की सरकारी समाचार एजेंसी डब्ल्यूएएम ने नेतन्याहू के सीक्रेट विजिट की पुष्टि की. एजेंसी ने बताया कि यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने रविवार को इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की.
नेतन्याहू की यात्रा की यूएई की ओर से पहली पुष्टि
एजेंसी की यह रिपोर्ट नेतन्याहू की यात्रा की यूएई की ओर से पहली पुष्टि थी. वहीं सोमवार देर रात इजरायली प्रधानमंत्री के कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी कर बताया कि नेतन्याहू ने यूएई राष्ट्रपति के निमंत्रण पर यह यात्रा की. इसमें बताया कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी ने कल (रविवार) को यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद के निमंत्रण पर संयुक्त अरब अमीरात का दौरा किया.
क्षेत्रीय चुनौतियों पर चर्चा
दौरे का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करना और क्षेत्रीय चुनौतियों पर चर्चा करना था. प्रधानमंत्री के साथ नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के प्रमुख, मोसाद के प्रमुख, मिलिट्री सेक्रेटरी और विदेश नीति सलाहकार भी मौजूद थे. इजरायल के तीन वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि रविवार को हुई बैठक छह घंटे तक चली और मुख्य रूप से ईरान पर केंद्रित थी.
नेतन्याहू की मुलाकात से इनकार
इससे पहले इस साल, यूएई ने शेख मोहम्मद और नेतन्याहू की मुलाकात से इनकार किया था, जबकि मई में इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा था कि नेतन्याहू ने खाड़ी देश की गुप्त यात्रा की थी और राष्ट्रपति से मुलाकात की थी. बैठक की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने उस समय बताया था कि नेतन्याहू और शेख मोहम्मद की मुलाकात 26 मार्च को ओमान की सीमा के पास अबू धाबी के नखलिस्तान शहर अल-ऐन में हुई थी.
इसे भी पढ़ें. “आप हरी झंडी देंगे, तभी चच्चू को मिलेगी एंट्री”, OP राजभर ने अखिलेश पर साधा निशाना