New Delhi: सऊदी अरब पर हुए हालिया हमलों के बाद पाकिस्तान ने हूती संगठन को कड़ा संदेश दिया है. पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने साफ संकेत दिया कि अगर सऊदी अरब पर हमला जारी रहा, तो पाकिस्तान इसे केवल सऊदी के खिलाफ कार्रवाई के तौर पर नहीं देखेगा. पाकिस्तान-सऊदी के डिफेंस पैक्ट के मुताबिक भी एक देश पर हमला दूसरे देश पर हमला माना जाएगा. यमन के हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच बढ़ते तनाव ने अब क्षेत्रीय राजनीति को भी प्रभावित करना शुरू कर दिया है.
मक्का समझौते का हवाला
एक पाकिस्तानी टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में ख्वाजा आसिफ ने मक्का समझौते का हवाला देते हुए कहा कि इस समझौते के तहत किसी एक सदस्य देश पर होने वाली आक्रामक कार्रवाई को सभी सदस्य देशों के खिलाफ हमला माना जाएगा. उनके मुताबिक इस समझौते की शर्तें स्पष्ट हैं और इसमें किसी तरह की गलतफहमी की गुंजाइश नहीं है. सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्की ने अगस्त में मक्का में एक रक्षा समझौता किया था. इस समझौते का उद्देश्य तीनों देशों के बीच सुरक्षा और सैन्य सहयोग को मजबूत करना है.
दूसरे सदस्य देशों के साथ खड़े होने की व्यवस्था
इसके तहत किसी सदस्य देश पर बाहरी आक्रामकता की स्थिति में दूसरे सदस्य देशों के साथ खड़े होने की व्यवस्था बताई गई है. इसी प्रावधान को लेकर पाकिस्तान की ओर से हूतियों को चेतावनी दी गई है. इस समझौते को कुछ एक्सपर्ट मुस्लिम देशों के बीच सामूहिक सुरक्षा व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मान रहे हैं. तीनों देश भविष्य में अन्य मुस्लिम देशों को भी इस पहल से जोड़ने की कोशिश कर सकते हैं.
अभा और जजान की सुविधाएं शामिल
हूती समर्थक मीडिया के मुताबिक हमलों में अभा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, किंग खालिद एयर बेस और सऊदी तेल कंपनी अरामको से जुड़ी अभा और जजान की सुविधाएं शामिल थीं. वैसे तो तुर्की-सऊदी और पाकिस्तान के इस पैक्ट के चलते पाकिस्तान को सऊदी पर हमलों के खिलाफ खड़े होना चाहिए लेकिन मसला ये भी है कि पाकिस्तान ईरान-अमेरिका के युद्ध का मीडिएटर भी है. वो मध्यस्थता करा रहा है और हूती खुद ईरान का ही समर्थित विद्रोही संगठन है.
ईरान के साथ संबधों पर असर
ऐसे में अगर पाकिस्तान हूतियों को लेकर कार्रवाई करता है, तो ईरान के साथ उसके संबधों पर असर पड़ेगा. ऐसे में पाकिस्तान के गले में उसका मक्का पैक्ट फंसा हुआ है. यही वजह है कि शहबाज और मुनीर इस पर चुप बैठे हुए हैं लेकिन पाकिस्तान के रक्षा मंत्री तड़ी मार रहे हैं.
इसे भी पढ़ें. कनाडा में मशहूर पंजाबी सिंगर और एक्टर एमी विर्क की गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग, मचा हड़कंप