Iraq Drone Oil Pipeline Attack: सऊदी अरब के लिए मुश्किलें लगातार बढ़ती ही जा रही हैं. दरअसल, गुरुवार सुबह इराक की तरफ से लॉन्च किए गए कई ड्रोन ने सऊदी अरब की अहम ईस्ट-वेस्ट तेल पाइपलाइन को निशाना बनाया, जिससे वहां मौजूद पंपिंग स्टेशन तबाह हो गया और कुछ लोग भी घायल हुए है. इसके बाद सऊदी अरब ने एहतियाती कदम उठाते हुए पाइपलाइन को बंद कर दिया.
इस खबर के सामने आते ही दुनिया के तेल बाजार में हलचल मच गई, वहीं कच्चे तेल की कीमत कुछ समय के लिए करीब 110 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई. बता दें कि ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन सऊदी अरब के लिए इसलिए बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि यह फारस की खाड़ी के पास स्थित अबकैक से तेल को लाल सागर के किनारे बसे यनबू तक पहुंचाती है.
होर्मुज स्ट्रेट के बंद होने से पैदा हुई मुश्किलों के बीच सऊदी अरब इस पाइपलाइन पर पहले से ज्यादा निर्भर हो गया है. क्योंकि अब उसका तेल व्यापार लाल सागर से हो रहा है, जिसे चालू रखने के लिए ये पाइपलाइन बेहद महत्वपूर्ण है. ऐसे में इस पर ड्रोन हमला सिर्फ एक पाइपलाइन पर हमला नहीं, बल्कि क्षेत्र में ऊर्जा आपूर्ति को लेकर बढ़ती चिंता का नया संकेत बन गया है.