तुर्की के तट पर मिला दुनिया के सबसे पुराने जहाज का मलबा, 4,700 साल पहले था डूबा

Aarti Kushwaha
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

World Oldest Shipwreck: पुरातत्वविदों ने दावा किया है कि उन्होंने समुद्र में डूबे दुनिया का सबसे पुराना जहाज का मलबा ढूंढ़ निकाला है, जो तुर्की के तट के पास डूबा जहाज मिला है. एक्सपर्ट ने इसका 4,400 से 4,700 साल पुराना यानी यह शुरुआती कांस्य युग का होना आंका है. यह वह समय है, जब मिस्र का ग्रेट पिरामिड बन रहा था. इस जहाज के मलबे में लकड़ी का ढांचा नहीं बचा है लेकिन उसमें रखे मिट्टी के बर्तन समुद्र की तलहटी में मिले हैं. खास बात यह है कि कुछ बर्तनों में अभी भी उनके अंदर रखी चीजों के निशान हैं.

बीबीसी के अनुसार, यह मलबा तुर्की के अंताल्या में केकोवा द्वीप के तट के पास मिला है. पुरातत्वविदों का कहना है कि यह करीब 10 मीटर लंबा और भूमध्य सागर में सामान ले जाने वाला व्यापारिक जहाज था. जहाज से जुड़ी चीजें पानी के नीचे एक ढलान पर बिखरी हुई मिलीं, जो लहरों से सिर्फ 30 मीटर नीचे हैं.

‘यह एक टाइम कैप्सूल’

भूमध्यसागरीय पुरातत्व संघ अभियान का नेतृत्व करने वाले तुर्की की अकदेनिज यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर हाकान ओनज ने कहा कि यह डूबा जहाज समुद्र की तलहटी में एक ‘टाइम कैप्सूल’ की तरह है. एक्सपर्ट को वहां पत्थर के तीन बड़े लंगर और मिट्टी के 30 से ज्यादा बर्तन मिले, जिन्हें एम्फोरा कहा जाता है. वहीं, जहाज की लकड़ी का कोई हिस्सा ना बचने के कारण रेडियोकार्बन डेटिंग जैसी तकनीकों का इस्तेमाल करके इसकी उम्र का पता नहीं लगाया जा सका. रेडियोकार्बन डेटिंग से जैविक पदार्थों में कार्बन के एक रूप को मापा जाता है। इसके बजाय पुरातत्वविदों ने एम्फोरा के आकार का विश्लेषण किया है.

समुद्र में मिले बर्तन क्यों खास

केकोवा में मिले मिट्टी के बर्तन खास तरह के हैं. इनमें दो हैंडल, बीच में उभार और सपाट आधार है. ओनज ने कहा कि यह डिजाइन मिस्र और अरब में मिले उन एम्फोरा से मिलता है, जिनकी उम्र 4,400-4,700 साल है. सजावट के तरीकों की तुलना पर कह सकते हैं कि मलबा 100 फीसदी शुरुआती कांस्य युग का है. वहीं, अभियान में शामिल गोताखोर इन बर्तनों को सतह पर लाए. हजारों साल तक पानी के नीचे रहने के बाद अब इन्हें संरक्षित किया जा रहा है. ऑस्ट्रेलिया की मैक्वेरी यूनिवर्सिटी की पुरातत्वविद कैरिन सोवाडा ने बताया कि बर्तन सही-सलामत थे. सबसे खास ये कि उनमें अभी भी गाढ़ा, चमकदार अवशेष बचा हुआ था.

कैसे बना सबसे पुराना डूबा जहाज

केकोवा में हुई यह खोज इसे दुनिया के सबसे पुराने डूबे हुए जहाजों की सूची में सबसे ऊपर रखती है. इससे पहले यह रिकॉर्ड दक्षिणी ग्रीस के डोकॉस द्वीप के पास मिले एक डूबे जहाज के नाम था, जो 4,200 साल पुराना है. वहीं सबसे पुराना ज्ञात डूबा हुआ जहाज बुल्गारिया के तट के पास ब्लैक सी में मिला था, जो 2,400 साल पुराना है। इसकी कुछ लकड़ी अभी भी सुरक्षित है.

 

Latest News

18 October 2026 Ka Panchang: रविवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

19 अक्टूबर 2026, सोमवार को आश्विन शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि सुबह 10 बजकर 52 मिनट तक रहेगी. इसके...

More Articles Like This

Exit mobile version