Silicon Valley Open: भारतीय स्टार अनाहत सिंह का सफर समाप्त, सेमीफाइनल में मलेशियाई खिलाड़ी ने 1-3 से हराया

Must Read

Redwood City: सिलिकॉन वैली ओपन के सेमीफाइनल में मलेशिया की शिवसांगरी सुब्रमण्यम से हारकर भारतीय स्टार अनाहत सिंह का सफर समाप्त हो गया. अनाहत को शिवसांगरी से 1-3 से हार का सामना करना पड़ा. अनाहत सिंह ने मलेशियाई खिलाड़ी के खिलाफ जोरदार शुरुआत की और पहला गेम 11-5 से जीत लिया. हालांकि, इसके बाद सुब्रमण्यम ने अपने खेल का स्तर बढ़ाया और 37 मिनट तक चले मुकाबले को 11-5, 6-11, 4-11, 7-11 से जीतकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली.

चौथी और प्रोफेशनल स्क्वैश एसोसिएशन टूर पर तीसरी हार

यह अनाहत की मलेशियाई खिलाड़ी से कुल मिलाकर चौथी और प्रोफेशनल स्क्वैश एसोसिएशन (पीएसए) टूर पर तीसरी हार थी. सुब्रमण्यम ने आइची-नागोया में 2026 एशियन गेम्स के महिला एकल फाइनल में भी भारतीय खिलाड़ी को हराया था. अनाहत को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा था. हालांकि, एशियन गेम्स में एकल स्क्वैश फाइनल में सिल्वर जीतने वाली अनाहत पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनी थीं. सेमीफाइनल से बाहर होने के बावजूद सिलिकॉन वैली में अनाहत के प्रदर्शन ने इंटरनेशनल सर्किट पर उनके बढ़ते कद को दिखाया.

फाइनल में जगह बनाते हुए बड़ा उलटफेर

वर्ल्ड नंबर 15 अनाहत ने इस इवेंट में आठ बार की वर्ल्ड चैंपियन टॉप सीड एल शेरबिनी को सीधे गेम में हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाते हुए बड़ा उलटफेर किया था. इसके बाद उन्होंने मिस्र की छठी सीड सलमा हैनी को हराया. अनाहत के लिए साल 2026 बेहद खास रहा है. उन्होंने 2026 वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप में गर्ल्स सिंगल्स का टाइटल जीता और यह खिताब जीतने वाली पहली भारतीय बनीं. उन्होंने एशियन गेम्स 2026 में सिल्वर पदक जीतकर इस इवेंट में पहली भारतीय महिला होने का गौरव हासिल किया था.

मिक्स्ड डबल्स कॉम्पिटिशन में दो ब्रॉन्ज मेडल जीते

अनाहत ने इससे पहले हांगझोऊ में 2023 एशियन गेम्स में विमेंस टीम और मिक्स्ड डबल्स कॉम्पिटिशन में दो ब्रॉन्ज मेडल जीते थे. 18 साल की अनाहत का नाम स्क्वैश खिलाड़ी के तौर पर वैश्विक स्तर पर तेजी से आगे बढ़ रहा है. भारत को भविष्य में वैश्विक मंचों पर उनसे करिश्माई प्रदर्शन की उम्मीद है.

इसे भी पढ़ें. ‘अमेरिकी अधिकारियों को निशाना बनाने की कोशिशें तेज’, ईरान की साजिश पर ट्रंप को सतर्क रहने की चेतावनी

Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This