New Delhi: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान स्मृति मंधाना को अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस (11 अक्टूबर 2026) के अवसर पर यूनिसेफ इंडिया का ‘सेलिब्रिटी एडवोकेट’ नियुक्त किया गया है. महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने यूनिसेफ परिवार में उनका स्वागत किया. इस भूमिका के माध्यम से स्मृति मंधाना बच्चों और विशेष रूप से किशोरियों के अधिकारों, स्वास्थ्य, शिक्षा, कल्याण और खेलों में उनकी अधिक भागीदारी को बढ़ावा देंगी.
यह रोल निभाकर गर्व महसूस हो रहा
इस नई जिम्मेंदारी पर मंधाना ने कहा कि उन्हें यह रोल निभाकर गर्व महसूस हो रहा है. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मौकों और हौसले तक पहुंच बच्चों को उनके सपनों को पूरा करने में कैसे मदद कर सकती है. उन्होंने कहा, ‘सेलिब्रिटी एडवोकेट के तौर पर UNICEF इंडिया से जुड़ना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है. क्रिकेट खेलते हुए बड़े होने पर मैंने सीखा कि हर सपना एक अवसर से शुरू होता है.
अपनी पूरी क्षमता तक पहुंचने का मौका
कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और प्रोत्साहन से, वह अवसर कुछ असाधारण में बदल सकता है. हर बच्चे और युवा को बड़े सपने देखने और अपनी पूरी क्षमता तक पहुंचने का मौका मिलना चाहिए.’ क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर ने इस फैसले का स्वागत किया है. साउथ एशिया के लिए UNICEF एंबेसडर तेंदुलकर ने एक्स पर लिखा, ‘UNICEF इंडिया परिवार में आपका स्वागत है, स्मृति मंधाना, आप मैदान पर लाखों लोगों को प्रेरित करती हैं, और मुझे पता है कि आप मैदान के बाहर भी बच्चों के अधिकारों के लिए एक शानदार आवाज बनेंगी.’
महिला क्रिकेट टीम का कप्तान नियुक्त
बता दें कि मंधाना ने पहले भी जेंडर इक्वालिटी (लैंगिक समानता) और लाइफ स्किल्स पर केंद्रित UNICEF-ICC अभियानों के साथ-साथ UNICEF के ‘प्रॉमिस टू चिल्ड्रन’ अभियान का समर्थन कर चुकी हैं. मंधाना को इस हफ्ते की शुरुआत में महिला क्रिकेट टीम का कप्तान नियुक्त किया गया, जब हरमनप्रीत कौर ने कप्तानी के पद से इस्तीफा दे दिया. अर्जुन अवॉर्ड विजेता मंधाना महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और महिला T20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी हैं. वह दुनिया की टॉप-रैंक वाली महिला ODI बल्लेबाज हैं और दो बार ICC महिला क्रिकेटर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड भी जीत चुकी हैं.
इसे भी पढ़ें. ‘योगी से डरते हैं तो जहूराबाद में मुझसे लड़ लें’ अखिलेश यादव को OP राजभर ने दी चुनौती