उत्तर कोरिया को परमाणु मुक्त कराने में जुटा दक्षिण कोरिया, US और जापान, पूर्ण निरस्त्रीकरण पर दोहराई अपनी प्रतिबद्धता

Must Read

New Delhi: उत्तर कोरिया के लगातार परमाणु परीक्षणों और उसके बढते प्रभाव को लेकर विश्व भर के देश चिंतित हैं. इसी बीच दक्षिण कोरिया, अमेरिका और जापान के शीर्ष राजनयिकों ने उत्तर कोरिया के पूर्ण परमाणु निरस्त्रीकरण को लेकर प्रतिबद्धता दोहराई है. साथ ही प्योंगयांग से बातचीत फिर शुरू करने की अपील भी की है. तीनों देशों ने कहा कि कोरियाई प्रायद्वीप में शांति और स्थिरता कायम करने के लिए बातचीत का रास्ता खुला हुआ है.

उच्चस्तरीय सप्ताह से इतर त्रिपक्षीय बैठक

दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री चो ह्यून, अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो और जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी ने सोमवार को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के उच्चस्तरीय सप्ताह से इतर त्रिपक्षीय बैठक की. बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान में तीनों देशों ने उत्तर कोरिया के परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रमों से होने वाली आय को रोकने तथा संबंधित संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) के प्रस्तावों को लागू करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई.

पूर्ण परमाणु निरस्त्रीकरण के लिए दृढ़ प्रतिबद्धता

बयान में कहा गया कि तीनों देशों ने डेमोक्रेटिक पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ कोरिया (डीपीआरके) यानी उत्तर कोरिया के पूर्ण परमाणु निरस्त्रीकरण के लिए अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराई. बातचीत का रास्ता खुला है और उत्तर कोरिया को बातचीत की मेज पर लौटना चाहिए. योनहाप के मुताबिक यह अपील ऐसे समय की गई है जब उत्तर कोरिया लगातार अपने हथियार कार्यक्रमों को आगे बढ़ा रहा है. उत्तर कोरिया ने मंगलवार को बताया कि उसके नेता किम जोंग-उन की मौजूदगी में रविवार को एक नए हथियार तंत्र का परीक्षण किया गया.

उत्तर कोरिया के साथ बातचीत फिर शुरू करने की अपील

उत्तर कोरिया ने इस हथियार के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी, लेकिन इसे अपनी हथियार तकनीक को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया. उत्तर कोरिया के साथ बातचीत फिर शुरू करने की अपील को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की इस इच्छा के संदर्भ में भी देखा जा रहा है कि वह इस साल किम जोंग-उन के साथ फिर बैठक कर अपनी व्यक्तिगत कूटनीति को आगे बढ़ाना चाहते हैं. हालांकि अमेरिका ने प्योंगयांग के साथ बातचीत की संभावना खुली रखने के साथ ही दक्षिण कोरिया और जापान की रक्षा के प्रति अपनी ‘आयरनक्लैड’ प्रतिबद्धता भी दोहराई है.

इसे भी पढ़ें. UNSC में भारत की स्थायी सदस्यता का 4 देशों ने किया समर्थन, जानें भारत के कैसे काम आएगा V4

Latest News

राजस्थान में हादसाः गणेश प्रतिमा विसर्जन कर लौट रहा ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटा, चार लोगों की मौत

Rajasthan Accident: राजस्थान दुखद खबर सामने आई है. गुरूवार की दोपहर राजसमंद जिले के रेलमगरा में गणपति विसर्जन के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली...

More Articles Like This