श्रीलंका में भारी बारिश के बाद बाढ़ और भूस्खलन से तबाही, 7 लोगों की मौत, सैंकड़ों घर दबे, स्कूल भी बंद

Must Read

Colombo: श्रीलंका के पर्वतीय इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन में सात लोगों की मौत हो गई है. हालात को देखते हुए स्कूल बंद कर दिए गए हैं. पिछले दो दिनों से जारी मूसलाधार बारिश के कारण देश के कई हिस्सों में घर, खेत और सड़कें जलमग्न हो गई हैं. सरकारी आपदा प्रबंधन केंद्र के अनुसार मध्य श्रीलंका के पर्वतीय क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं.

आपदा में तीन लोग घायल

आपदा प्रबंधन केंद्र के प्रवक्ता प्रदीप कोडिप्पिली ने बताया कि मध्य क्षेत्र में भूस्खलन में दो मकान दब गए, जिससे पांच लोगों की मौत हो गई. इसके अलावा बाढ़ से दो अन्य लोगों की जान चली गई. इस आपदा में तीन लोग घायल हुए हैं. उन्होंने बताया कि 291 मकानों को नुकसान पहुंचा है और लगभग 3,500 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. बाढ़ में फंसे लोगों को निकालने के लिए नौसेना और सेना के जवान राहत एवं बचाव कार्य में मदद कर रहे हैं.

कुछ इलाकों में भूस्खलन का भी खतरा

स्थानीय टेलीविजन चैनल ‘हिरु टीवी’ ने ऐसे दृश्य दिखाए, जिनमें सैनिक और स्थानीय लोग बाढ़ में फंसे लोगों को उनके घरों से सुरक्षित निकालते नजर आए. कुछ इलाकों में भूस्खलन का भी खतरा बना हुआ है. स्थानीय समाचार चैनलों ने मध्य क्षेत्र की कई सड़कों पर विशाल चट्टानों, मलबे और गिरे हुए बिजली के खंभों के कारण यातायात बाधित होने के दृश्य भी प्रसारित किए.

भारी नुकसान से अब भी उबरने की कोशिश

यह आपदा ऐसे समय आई है जब श्रीलंका पिछले वर्ष नवंबर में आए चक्रवात ‘दित्वा’ से हुए भारी नुकसान से अब भी उबरने की कोशिश कर रहा है. इस चक्रवात में लगभग 640 लोगों की मौत हुई थी, 20 लाख लोग प्रभावित हुए थे और करीब 4.1 अरब अमेरिकी डॉलर का नुकसान हुआ था.

इसे भी पढ़ें. ‘लोगों के जीवन में व्यापक बदलाव आए’, अनुच्छेद 370 हटाने के 7 साल पूरे होने पर PM Modi का संदेश

Latest News

पीएम मोदी 17 सितंबर को करेंगे ‘सेमीकॉन इंडिया’ के पांचवें सत्र का उद्घाटन, 240 से ज्यादा इंटरनेशनल कंपनियां होंगी शामिल

SEMICON India: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को राष्ट्रीय राजधानी में सेमीकॉन इंडिया 2026 के पांचवें संस्करण का उद्घाटन...

More Articles Like This