Tu-95 Bomber: रूस की सेना का न्यूक्लियर बाहुबलि माना जाने वाला ‘Tu-95’ बॉम्बर विमान मंगलवार को क्रैश हो गया है, जिससे विमान में सवार छह क्रू मेंबर्स की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक क्रू मेंबर गंभीर रूप से घायल हो गया. गनीमत ये रही कि ये विमान किसी रिहायशी इलाके में न गिरकर एक सुनसान और खाली जगह पर क्रैश हुआ, जिससे जमीन पर किसी आम नागरिक के जान-माल का नुकसान नहीं है.
कैसे क्रैश हुआ रूस का न्यूक्लियर ‘बाहुबली’?
बता दें कि रूस के पूर्वी अमूर इलाके में 29 सितंबर को वायुसेना का एक विशालकाय Tu-95 बॉम्बर विमान अचानक आसमान से नीचे गिर गया. शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये विमान एक नियमित ट्रेनिंग उड़ान पर था. कर दी है. सोवियत काल के इस दिग्गज बॉम्बर विमान के क्रैश होने से रूस के सैन्य गलियारों में हड़कंप मच गया है, क्योंकि Tu-95 रूस की परमाणु हमलावर फ्लीट का एक बेहद अहम हिस्सा माना जाता है.
रूसी रक्षा मंत्रालय ने आधिकारिक तौर पर इस विमान हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, इस हादसे में छह क्रू मेंबर्स की जान चली गई है, जबकि एक घायल सदस्य को सुरक्षित बाहर निकालकर नजदीकी मिलिट्री अस्पताल ले जाया गया है, जहां उसका इलाज जारी है. मंत्रालय के मुताबिक, राहत की बात सिर्फ ये रही कि जिस वक्त ये हादसा हुआ, उस वक्त बॉम्बर विमान में कोई गोला-बारूद या परमाणु हथियार लोड नहीं था. वो बिना किसी हथियारों के केवल रूटीन ट्रेनिंग के लिए उड़ान भर रहा था.
वायरल हुआ रूसी मिलिट्री के प्लेन क्रैश का वीडियो
हादसे के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि विमान गिरने वाली जगह पर भयंकर आग लग गया और आसमान में काले धुएं का गुबार उठा. वहीं, बैकग्राउंड में लगातार तेज धमाकों और मलबे के चटकने की डरावनी आवाजें सुनाई दे रही हैं. हालांकि विमान के क्रैश होने की असली वजह क्या रही, ये अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है. फिलहाल, रूसी सैन्य अधिकारी और जांच टीम हादसे के कारणों का पता लगाने में जुट गए हैं.
Tu-95 विमान पहले भी कई बार हो चुके हैं क्रैश
हालांकि ये पहली बार नहीं है जब रूस का Tu-95 विमान किसी तकनीकी खराबी या हादसे का शिकार हुआ है. इससे पहले भी जून 2015 अमूर इलाके के यूक्रेनका एयरबेस से उड़ान भरते समय एक Tu-95 विमान के इंजन में अचानक आग लग गई थी, जिसमें दो क्रू मेंबर्स की मौत हो गई थी. इसके अलावा जुलाई 2015 में ही एक रूटीन ट्रेनिंग के दौरान Tu-95MS विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. उस वक्त विमान में सवार 7 क्रू मेंबर्स ने पैराशूट से कूदकर जान बचाने की कोशिश की थी, लेकिन 2 सदस्यों की मौत हो गई थी. इन हादसों के बाद रूसी बेड़े के इन पुराने पड़ रहे विमानों के रखरखाव और उनकी तकनीकी सुरक्षा को लेकर कई बार सवाल खड़े किए जा चुके हैं.
फिलहाल, रूस का रक्षा मंत्रालय दुर्घटनास्थल से मलबा जुटाने और जांच पूरी करने में लगा हुआ है. पूरी दुनिया की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि आखिर सोवियत दौर का ये ‘परमाणु बाहुबली’ विमान किस तकनीकी खराबी का शिकार हुआ.

