Washington: अमेरिका ने सीरिया में इस्लामिक स्टेट (ISIS) के खिलाफ अपनी सैन्य कार्रवाई को और आक्रामक तरीके से तेज कर दिया है. अमेरिका का कहना है कि बदलते हालात में ISIS को दोबारा सक्रिय होने से रोकना उसकी प्राथमिकता है और ऑपरेशन हॉकआई स्ट्राइक इसी रणनीति का अहम हिस्सा है.
हमलों का नया वीडियो जारी
यूएस सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने चेतावनी दी है कि यदि अमेरिकी सैनिकों को नुकसान पहुंचाया गया तो जिम्मेदार लोगों को दुनिया के किसी भी कोने में ढूंढकर जवाब दिया जाएगा. CENTCOM ने ‘ऑपरेशन हॉकआई स्ट्राइक’ के तहत किए जा रहे हमलों का नया वीडियो और विस्तृत जानकारी जारी की है.
दो US के सैनिकों और एक अमेरिकी दुभाषिए की मौत
सेंटकॉम के अनुसार, यह अभियान 19 दिसंबर 2025 को शुरू किया गया था. इससे पहले 13 दिसंबर को पलमायरा में हुए हमले में दो अमेरिकी सैनिकों और एक अमेरिकी दुभाषिए की मौत हो गई थी. हमलावर हाल ही में सीरियाई सुरक्षा बलों में भर्ती बताया गया था और उसके चरमपंथी संगठनों से जुड़े होने की पुष्टि हुई थी. घटना के बाद हमलावर को मौके पर ही मार गिराया गया था.
नए चरण में 10 सटीक हवाई हमले
CENTCOM ने बताया कि 3 से 12 फरवरी के बीच अभियान के नए चरण में 10 सटीक हवाई हमले किए गए. इन हमलों में ISIS से जुड़े 30 से अधिक ठिकानों-हथियार भंडार, संचार नेटवर्क और रसद केंद्र को निशाना बनाया गया. इस ऑपरेशन में F-15E स्ट्राइक ईगल, A-10 वार्थॉग, AC-130J घोस्टराइडर और MQ-9 रीपर ड्रोन का उपयोग किया गया.
अब तक 50 ISIS लड़ाके मारे
इसके साथ ही जॉर्डन के F-16 विमानों ने भी सहयोग किया. अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक अभियान शुरू होने के बाद से अब तक 50 ISIS लड़ाके मारे गए या गिरफ्तार किए गए हैं. उस समय के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि यह व्यापक युद्ध नहीं, बल्कि सीमित और निशाना बनाकर की गई कार्रवाई है. इसे उन्होंने बदले की घोषणा करार दिया.
जेलों में बंद 5,700 से अधिक ISIS संदिग्धों को भेजा इराक
क्षेत्रीय स्थिरता के लिए अमेरिका और उसके सहयोगियों ने एक और कदम उठाते हुए सीरिया की जेलों में बंद 5,700 से अधिक ISIS संदिग्धों को इराक भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि इससे जेल तोड़कर भागने का खतरा घटेगा और संगठन को दोबारा ताकत जुटाने से रोका जा सकेगा.
इसे भी पढ़ें. Marco Rubio Europe Visit: अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो जाएंगे ईस्ट यूरोप, डोनाल्ड ट्रंप के यूरोपीय दोस्तों से करेंगे मुलाकात

