अमेरिका में सुरंग से पहुंच रही थी मैक्सिको की ड्रग्स, 4.5 करोड़ डॉलर की कोकिन का पर्दाफाश

Aarti Kushwaha
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

US drug smuggling: मेक्सिको में एक ऐसे सुरंग का पता चला है, जिसका सीधा कनेक्शन अमेरिका से है, इसकी जानकारी अमेरिकी अधिकारियों द्वारा दी गई है. अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि इस सुरंग का इस्तेमाल करोड़ों डॉलर के ड्रग्स तस्करी के लिए किया जा रहा था. खास बात तो ये है कि यह सुरंग इतनी एडवांस थी कि इसमें बिजली, रेल लाइन, हवा आने-जाने की व्यवस्था और यहां तक कि हाइड्रोलिक लिफ्ट भी लगी हुई थी.

अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि अमेरिका-मेक्सिको सीमा के नीचे सैकड़ों फीट तक फैली एक बेहद आधुनिक सुरंग का इस्तेमाल 4.5 करोड़ डॉलर (45 मिलियन डॉलर) से अधिक कीमत की कोकीन की तस्करी के लिए किया जा रहा था. यह अंडरग्राउंड सुरंग मेक्सिको के शहर तिजुआना से शुरू होकर अमेरिका के कैलिफोर्निया में ओटे मेसा पोर्ट ऑफ एंट्री के पास स्थित एक दुकान तक जाती थी.

590 मीटर लंबा मीटर सुरंग 

अधिकारियों के मुताबिक, सुरंग की लंबाई लगभग 590 मीटर, गहराई 17 मीटर और ऊंचाई करीब 1.5 मीटर) थी. अधिकारियों का कहना है कि सुरंग में मजबूत दीवारें बनाई गई थीं. इसके अंदर रेल लाइन, हवा आने-जाने के लिए वेंटिलेशन सिस्टम, बिजली की व्यवस्था और अंदर जाने के लिए हाइड्रोलिक लिफ्ट भी लगी हुई थी. वहीं  अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा इसका एक वीडियो भी जारी किया गया है, जिसमें सुरंग तक जाने वाली मजबूत कंक्रीट की सीढ़ियां दिखाई देती हैं. सुरंग चट्टानों को काटकर बनाई गई लगती है और इसका फर्श भी कंक्रीट का बना हुआ है.

कैसे हुआ भंडाफोड़

दरअसल, होमलैंड सिक्योरिटी के FDI (फेडरल ड्रग्स इन्वेस्टिगेटर) एजेंट कई महीनों से बॉर्डर के पास अमेरिकी हिस्से में स्थित “बाय 4 लेस” नाम की दुकान के आसपास आने-जाने वाले लोगों पर नजर रख रहे थे. इस दौरान जब अधिकारियों ने एक्शन लिया तो उन्हें 1,000 किलोग्राम कोकीन मिली. माना जा रहा है कि यह कोकीन इसी सुरंग के जरिए लाई गई थी और बाद में ट्रकों में लाद दी गई थी.

हालांकि इस मामले में 4 लोगों पर केस दर्ज किए गए हैं, जिसमें दो अमेरिकी और दो मेक्सिको के निवासी हैं. इन पर ड्रग्स की तस्करी से जुड़े आरोप लगे हैं. अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, 1993 से अब तक साउथ कैलिफोर्निया क्षेत्र में ऐसी 99 अंडरग्राउंड सुरंगें खोजी जा चुकी हैं. इनमें से 28 सुरंगों को बेहद आधुनिक और जटिल माना गया था. इस इलाके में आखिरी बार किसी चालू हालत में तस्करी सुरंग का पता 2022 में चला था.

 

Latest News

India Renewable Energy: स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की बड़ी उपलब्धि, क्षमता 300 GW के पार; 2030 तक 530 GW का अनुमान

India Renewable Energy: भारत वैश्विक नवीकरणीय ऊर्जा बाजार में तेजी से अपनी पहचान मजबूत कर रहा है. देश में...

More Articles Like This

Exit mobile version