होर्मुज में ओमान को नया रास्ता क्यों नहीं खोलने दे रहा ईरान? IRGC नेवी ने जहाजों को दी धमकी

Aarti Kushwaha
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

US Iran deal: अमेरिका और ईरान के बीच की जंग भले ही खत्म हो गई है लेकिन होर्मुज के अहम समुद्री रास्ते को लेकर तनाव अभी भी जारी है. इसी बीच ईरान ने स्पष्ट कर दिया है कि अब वह दुनिया के 20 प्रतिशत तेल व्यापार को संभालने वाले होर्मुज से अपना कंट्रोल कम नहीं करेगा. ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना ने जहाजों को चेतावनी दी है कि वे होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरते समय सिर्फ ईरान की तरफ से मंजूर किए गए रास्तों का ही इस्तेमाल करें.

ईरानी मीडिया के अनुसार, ईरान का कहना है कि तय रास्तों से बाहर जाने वाले जहाजों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है. IRGC का यह बयान ओमान के उस ऐलान के जवाब में आया है जिसमें उसने होर्मुज में जहाजों की आवाजाही के लिए एक नया समुद्री गलियारा उपलब्ध कराने की बात कही थी.

ईरान की ओर से क्या कहा गया है?

ईरानी मीडिया के मुताबिक IRGC की नौसेना ने कहा कि ‘कुछ ऑथोरिटीज’ ने ईरानी सरकार से सलाह-मशविरा किए बिना इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग के लिए एक नया रास्ता घोषित कर दिया है. उन्होंने कहा कि यह प्रस्तावित रास्ता स्वीकार नहीं है और इससे सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता है. नौसेना ने जोर देकर कहा कि होर्मुज से गुजरने के लिए केवल वही रास्ते मान्य हैं जिन्हें ईरान ने अपनी मंजूरी दी है.इन रास्तों के बाहर जहाजों की आवाजाही मना है और बेहद खतरनाक भी है. सभी जहाजों को सलाह दी जाती है कि वे तय समुद्री गलियारों के बाहर न जाएं.”

इतना ही नहीं, IRGC नौसेना ने यह भी कहा कि जलडमरूमध्य से गुजरने वाले सभी जहाजों को ईरानी अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखना होगा. होर्मुज से गुजरने के लिए चैनल 16 के माध्यम से IRGC नौसेना के साथ कॉर्डिनेशन करना अनिवार्य है. नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी जहाज के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

दबाव में अमेरिकी राष्ट्रपति

बता दें कि इस जंग के बाद ईरान को होर्मुज के रूप में एक ऐसा हथियार मिल गया है जिसे खुद अमेरिका की खुफिया एजेंसियां परमाणु से बड़ा हथियार मान रहीं है. अमेरिका को डील करने के लिए मजबूर करने के पीछे होर्मुज पर ईरान के दबदबे का एक बड़ा रोल था. ईरान ने जंग के बीच होर्मुज को बंद करके दुनिया का तेल रोक दिया और जब तेल महंगा होने लगा तो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दबाव में आ गए. ईरान अब होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों से टोल वसूलना चाहता है और वह नहीं चाहता कि होर्मुज में ओमान कोई अगल रास्ता खोले. ईरान और ओमान, दोनों के किनारे होर्मुज से लगते हैं.

ओमान ने क्या कहा था?

ओमान ने हाल ही मे कहा था कि वह अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन (IMO) के साथ मिलकर होर्मुज में जहाजों के लिए एक खास रास्ता उपलब्ध करा रहा है. इसका मकसद होर्मुज में जहाजों की आवाजाही की आजादी सुनिश्चित करना है और इसके लिए कोई टोल नहीं लिया जाएगा. ओमान ने यह भी कहा कि यह कदम अमेरिका और ईरान के बीच हुए डील (MoU) अनुरूप है. वहीं इससे पहले बुधवार को ट्रंप ने कहा था कि यदि ईरान ने होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर किसी तरह का टोल लिया गया, तो यह अमेरिका के लिए मंजूर नहीं होगा.

Latest News

Gold Silver Price Today:  मिडिल क्लास को बड़ी राहत, धड़ाम से गिरे सोने-चांदी के भाव

Gold Silver Price Today: अगर आप सोने चांदी की खरीदारी करने की सोच रहे हैं, या फिर सोने चांदी में...

More Articles Like This

Exit mobile version