हूती विद्रोहियों ने यमन के अदन एयरपोर्ट पर फिर किया हमला, विमान के पास गिरी मिसाइलें, मची अफरा-तफरी

Sanaa: यमन के बंदरगाह शहर अदन के हवाई अड्डे पर शुक्रवार रात अचानक दो मिसाइलें गिरीं, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया. पुलिस ने हमले के लिए ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराया है. मिसाइलें यमनिया एयरवेज के एक विमान से करीब 500 मीटर दूर गिरीं. उस समय विमान उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था. हमले से घबराए यात्रियों में चीख-पुकार मचने के बाद उनको तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

शुक्रवार रात दो मिसाइलें गिरीं

यमन के रणनीतिक बंदरगाह शहर अदन के हवाई अड्डे पर शुक्रवार रात दो मिसाइलें गिरीं. पुलिस के अनुसार, यह पिछले 10 दिनों से भी कम समय में हवाई अड्डे पर दूसरा मिसाइल हमला है. इससे पहले 7 अक्टूबर को भी यहां दो मिसाइलें दागी गई थीं. उस घटना में भी किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली थी. इस बार हमले के दौरान यमनिया एयरवेज का एक विमान उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था.

यात्रियों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाल लिया

यमन सरकार के सूचना मंत्री के अनुसार, मिसाइलें विमान से लगभग 500 मीटर दूर गिरीं. एक अधिकारी ने बताया कि विमान में सवार यात्रियों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. पुलिस ने इस हमले के लिए ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराया है. हालांकि, हूती विद्रोहियों के नियंत्रण वाली समाचार एजेंसी ‘सबा’ ने समूह के एक अज्ञात सैन्य अधिकारी के हवाले से बताया कि निशाना हवाई अड्डे से सटा एक सैन्य ठिकाना था.

सेना का अड्डा और हथियारों का भंडार मौजूद

उस अधिकारी के अनुसार, इस ठिकाने पर हूतियों के खिलाफ लड़ रही सऊदी अरब के नेतृत्व वाली सेना का अड्डा और हथियारों का भंडार मौजूद है. इससे पहले बृहस्पतिवार को हूती विद्रोहियों ने शहर के एक महल परिसर पर हमला किया था. इस परिसर में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त यमन सरकार का मुख्यालय है. उस हमले में पांच लोगों की मौत हो गई थी.

इसे भी पढ़ें. गरबा-डांडिया से पहले मुरादाबाद में लगे ‘लव जिहाद’ के पोस्टर, गैर-हिंदुओं की एंट्री को लेकर छिड़ी चर्चा

Latest News

इमरान खान की बहनों को जेल से अभी राहत नहीं, पाक सरकार ने 30 दिन और बढ़ाई हिरासत

Pakistan News: पाकिस्तान की पंजाब सरकार ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की तीन बहनों की हिरासत को...

More Articles Like This

Exit mobile version