उधमपुर: जम्मू-कश्मीर के जिला उधमपुर के पहाड़ी व जंगली क्षेत्र में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मंगवार को मुठभेड़ शुरू हो गई. यह ऑपरेशन बुधवार को भी जारी रहा. इस बीच सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को ढेर कर दिया. ये आतंकी जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हुए थे.
जानकारी के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना और सीआरपीएफ ने उधमपुर के बंसंतगढ़ इलाके में संयुक्त मुठभेड़ में दो आतंकवादियों को ढेर कर दिया. मंगलवार को सुरक्षाबलों को जिला के रामनगर और बसंतगढ़ के बीच ऊपरी व दुर्गम क्षेत्र चिगला बलोता में आतंकियों की संदिग्ध हलचल की सूचना मिली थी.
इसके बाद सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त रूप से व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया. सुरक्षाबला जब आगे बढ़ रहे थे तो शाम करीब चार बजे जगरेडा क्षेत्र के घने जंगल में छिपे आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी. सुरक्षाबलों ने भी गोलीबारी शुरु की और और मुठभेड़ शुरू हो गई.
इसके बाद पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित करते हुए अतिरिक्त सुरक्षाबलों को मौके पर बुला लिया गया. रात तक दोनों ओर से रुक-रुक कर गोली चलने की सूचना भी मिली. पुलिस और सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं और पूरे ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं.
इस बीच, सेना की व्हाइट नाइट कोर ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर चलाए जा रहे इस संयुक्त अभियान को ऑपरेशन केया नाम दिया गया है. मालूम हो कि आतंकियों की मौजूदगी की सूचना के मद्देनजर पहले से ही उधमपुर जिला के पहाड़ी व जंगल क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं.

