Gurugram Crime News: त्रिपुरा से उज्ज्वल भविष्य के सपने लेकर आई 19 वर्षीय युवती गुरुग्राम में जीडी गोयनका यूनिवर्सिटी से बीएससी (बायोटेक) की पढ़ाई कर रही थी. लेकिन एक ऑनलाइन डेटिंग ऐप पर हुई मुलाकात ने उसकी जिंदगी को दर्दनाक मोड़ दे दिया. सेक्टर-69 स्थित एक पीजी से सामने आई यह घटना इंसानियत को झकझोर देने वाली है. आरोप है कि 19 वर्षीय लिव-इन पार्टनर शिवम ने शक के चलते अपनी ही प्रेमिका को अमानवीय यातनाएं दीं, जिनकी बर्बरता सुनकर पुलिस भी सन्न रह गई.
गुरुग्राम का ‘खौफनाक’ कमरा
पुलिस की एफआईआर (FIR) के मुताबिक, सितंबर 2025 में पीड़िता की मुलाकात दिल्ली के नरेला निवासी 19 वर्षीय शिवम से एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी. शिवम ने शादी का झांसा देकर पहले युवती के साथ संबंध बनाए और धीरे-धीरे उसका विश्वास जीतकर उसे लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के लिए राजी कर लिया. इसके बाद दोनों गुरुग्राम की सेक्टर-33 स्थित एक सोसाइटी और बाद में ‘ग्लोबल हाइट’ में साथ रहने लगे.
हालांकि, जनवरी 2026 तक आते-आते रिश्ते में भरोसे की जगह शक ने ले ली. 13 फरवरी 2026 को शिवम ने सेक्टर-69 में एक पीजी लिया और युवती को वहां रहने के लिए मजबूर कर दिया. यहीं से उसके साथ कथित तौर पर शुरू हुआ यातनाओं का वह खौफनाक सिलसिला, जिसने इंसानियत की सीमाएं पार कर दीं.
तीन दिन का नर्क और हैवानियत
16 फरवरी 2026… यह वो दिन था जब शिवम पूरी तरह हैवान बन चुका था. उसने लड़की को कमरे में बंधक बना लिया. उसने लड़की को मुक्कों और लातों से बेतहाशा पीटा. स्टील की बोतल से उसका सिर फोड़ दिया और बाल पकड़कर सिर अलमारी और दीवार पर दे मारा. पिटाई से जब उसका मन नहीं भरा, तो उसने लड़की के प्राइवेट पार्ट पर सैनिटाइजर डाला और लाइटर से आग लगा दी. चाकू से उसके पैरों पर वार किए और शरीर के कई हिस्सों को सिगरेट/लाइटर से दागा. इस तड़प के बीच हैवान शिवम ने लड़की का न्यूड वीडियो रिकॉर्ड किया ताकि वह पुलिस के पास न जा सके. उसने धमकी दी ‘मैं तुझे इस हालत में छोड़ूंगा कि तू न कभी चल पाएगी और न कभी मां बन पाएगी.
‘लोकल भाषा’ का वो मास्टरमाइंड कदम
18 फरवरी की रात, जब दर्द असहनीय हो गया, तो युवती ने किसी तरह खुद को बचाने की आखिरी कोशिश की. मौका मिलते ही उसने अपनी मां को फोन किया, जो त्रिपुरा पुलिस में अधिकारी बताई जा रही हैं, और मदद की गुहार लगाई. आरोपी शिवम उसकी बात न समझ सके, इसलिए लड़की ने अपनी मां से अपनी ‘लोकल (मातृ) भाषा’ में बात की और रोते हुए कहा कि मां, मुझे बचा लो, नहीं तो मैं मर जाऊंगी.
बेटी की चीख सुनकर मां ने तुरंत 112 पर कॉल कर हरियाणा पुलिस को पीजी का पता दिया. पुलिस ने दरवाजा तोड़कर लड़की को खून से लथपथ और अधमरी हालत में रेस्क्यू किया.
सफदरजंग के आईसीयू में जिंदगी की जंग
शुरुआत में युवती को सेक्टर-10 स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत बेहद गंभीर होने के कारण उसे बाद में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया. वहां ICU में उसका इलाज जारी है. जब उसकी स्थिति कुछ स्थिर हुई और वह बयान देने की हालत में आई, तब इस भयावह यातना का पूरा मामला सामने आ सका.
पुलिस ने क्या कानूनी कार्रवाई की है?
हरियाणा पुलिस ने 19 फरवरी 2026 को आरोपी शिवम को गिरफ्तार कर लिया है. उस पर नए कानून BNS (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 115(2), 118(1), 118(2), 127(2), 69 और 351(2) के तहत गंभीर मुकदमा दर्ज किया गया है. पीड़िता की मां ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से न्याय की अपील करते हुए आरोपी के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई और कड़ी सजा देने की मांग की है.
यह भी पढ़े: UP के कासगंज में पारिवारिक त्रासदी, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

