CBSE Board Exam Cancelled: ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव का असर अब शिक्षा व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने मध्य पूर्व के कई देशों में आयोजित होने वाली कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला किया है.
यह निर्णय बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में स्थित सभी CBSE स्कूलों पर लागू होगा. इस संबंध में बोर्ड ने 15 मार्च 2026 को एक आधिकारिक सर्कुलर जारी किया है. बोर्ड का कहना है कि क्षेत्र की मौजूदा सुरक्षा स्थिति और अस्थिर परिस्थितियों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है.
विदेशों में भी बड़ी संख्या में CBSE छात्र
भारत के अलावा दुनिया के कई देशों में CBSE से संबद्ध स्कूल संचालित होते हैं, जहां हजारों भारतीय और अन्य देशों के छात्र पढ़ाई करते हैं. इसी वजह से दुनियाभर के लगभग 26 देशों में CBSE बोर्ड परीक्षाएं एक साथ आयोजित की जाती हैं. हालांकि ईरान-इजरायल संघर्ष के कारण मिडिल ईस्ट के कई देशों में स्थिति अस्थिर हो गई है, जिसके चलते वहां परीक्षाएं आयोजित करना संभव नहीं हो पाया.
16 मार्च से 10 अप्रैल तक की परीक्षाएं पूरी तरह रद्द
CBSE के ताजा सर्कुलर के अनुसार 16 मार्च 2026 से 10 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित होने वाली कक्षा 12 की सभी बोर्ड परीक्षाएं इन देशों में रद्द कर दी गई हैं.
इसके अलावा पहले जिन परीक्षाओं को स्थगित किया गया था, उन्हें भी अब पूरी तरह रद्द मान लिया जाएगा. बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इन देशों के छात्रों के लिए कोई नई परीक्षा तिथि घोषित नहीं की जाएगी.
कई बार स्थिति की समीक्षा के बाद लिया गया निर्णय
CBSE ने बताया कि परीक्षाएं कराने की संभावना का कई बार पुनर्मूल्यांकन किया गया था. इस विषय पर 1 मार्च, 3 मार्च, 5 मार्च, 7 मार्च और 9 मार्च 2026 को भी अलग-अलग सर्कुलर जारी किए गए थे.
शुरुआत में कुछ परीक्षाओं को स्थगित किया गया था, लेकिन क्षेत्र की लगातार बिगड़ती स्थिति और स्थानीय प्रशासन से प्राप्त जानकारी के बाद अंततः परीक्षाएं रद्द करने का निर्णय लिया गया.
परिणाम कैसे घोषित होंगे, जल्द जारी होंगे निर्देश
CBSE ने यह भी कहा है कि इन देशों में पढ़ने वाले छात्रों के परिणाम किस आधार पर घोषित किए जाएंगे, इस पर अभी विचार किया जा रहा है. बोर्ड जल्द ही मूल्यांकन पद्धति और परिणाम जारी करने की प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेगा.
छात्रों और अभिभावकों में बढ़ी उत्सुकता
CBSE के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज द्वारा जारी सर्कुलर के बाद मिडिल ईस्ट में पढ़ने वाले हजारों भारतीय छात्रों और उनके अभिभावकों के बीच नई स्थिति को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है. छात्रों और अभिभावकों की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि बोर्ड परिणाम घोषित करने के लिए कौन-सी मूल्यांकन प्रणाली अपनाएगा.
भारतीय दूतावासों को भी भेजी गई सूचना
CBSE ने इस फैसले की जानकारी संबंधित देशों में स्थित भारतीय दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों को भी दे दी है. जिन स्थानों पर आधिकारिक सूचना भेजी गई है, उनमें अबू धाबी, रियाद, मस्कट, दोहा, मनामा, कुवैत सिटी और तेहरान में स्थित भारतीय दूतावास शामिल हैं. इसके अलावा दुबई स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास और दुबई में स्थित CBSE का क्षेत्रीय कार्यालय भी इस सूची में शामिल है.
यह भी पढ़े: Iran Israel War: ईरान की IRGC ने नेतन्याहू को दी धमकी, कहा- ‘पीछा करेंगे और मार डालेंगे’

