Kerala Election Result 2026: केरल विधानसभा चुनाव के नतीजों में BJP ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की है. इतिहास रचते हुए राजीव चंद्रशेखर ने 3800 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है. वहीं, कोल्लम जिले की चथन्नूर सीट से भाजपा उम्मीदवार बीबी गोपकुमार ने भी 4, 398 वोटों से जीत दर्ज की है. इसके अलावा वी मुललीधरन ने कझाकट्टम निर्वाचन क्षेत्र से 428 मतों के मामूली अंतर से जीत हासिल की है. इस जीत के साथ ही केरल में भाजपा को तीन सीटें मिली हैं, जो अब तक पहली बार हुआ है.
एनडीए के अब तीन विधायक होंगे
केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि राज्य में भाजपा नेतृत्व वाले एनडीए के अब तीन विधायक होंगे. उन्होंने इस जीत को कांग्रेस और माकपा के उन दावों का करारा जवाब बताया है, जिसमें कहा गया था कि भाजपा का खाता भी नहीं खुलेगा. पार्टी मुख्यालय में राजीव चंद्रशेखर ने कहा, ‘आज नेमोम और चथन्नूर की जनता ने कांग्रेस और माकपा को स्पष्ट जवाब दे दिया है.
‘माकपा विरोधी चुनाव’ करार
अब विधानसभा में भाजपा-एनडीए के दो विधायक होंगे.’ चंद्रशेखर ने शुरू से ही इस चुनाव को ‘माकपा विरोधी चुनाव’ करार दिया था. उन्होंने कहा कि लोग भ्रष्टाचार और सबरीमाला से जुड़े कथित मुद्दों से तंग आ चुके थे, जिसका असर नतीजों में दिख रहा है. चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, कोल्लम जिले की चथन्नूर सीट से भाजपा उम्मीदवार बीबी गोपकुमार ने 4, 398 वोटों से जीत दर्ज की है.
4,100 से ज्यादा वोटों की बढ़त
वहीं, राजधानी की हाई-प्रोफाइल नेमोम सीट पर खुद राजीव चंद्रशेखर 18 में से 14 राउंड पूरे होने के बाद 4,100 से ज्यादा वोटों की बढ़त बनाए हुए हैं. इन दोनों सीटों पर भाजपा की जीत अब महज औपचारिक घोषणा की बात रह गई है. चंद्रशेखर ने केवल केरल ही नहीं, बल्कि तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल सहित देश के अन्य हिस्सों में हुए चुनावों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि विपक्ष ने प्रचार के दौरान बार-बार कहा था कि भाजपा को एक भी सीट नहीं मिलेगी, लेकिन जनता ने उनके घमंड को तोड़ दिया है.
नेमोम सीट भाजपा के लिए सबसे खास
केरल की राजनीति में नेमोम सीट भाजपा के लिए सबसे खास है. साल 2016 में ओ राजगोपाल ने यहीं से जीत दर्ज कर केरल विधानसभा में पार्टी का खाता खोला था. हालांकि 2021 में पार्टी यह सीट हार गई थी, लेकिन 2026 में प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर को मैदान में उतारकर भाजपा ने इसे फिर से अपनी प्रतिष्ठा की लड़ाई बना लिया. दूसरी ओर, कोल्लम जिले की चथन्नूर सीट पर भाजपा का आधार काफी पुराना है.
अब भाजपा के लिए एक मजबूत गढ़ में तब्दील
यहां बीबी गोपकुमार पिछले कई चुनावों से लगातार अपना वोट शेयर बढ़ा रहे थे और इस बार की बढ़त ने साबित कर दिया है कि यह क्षेत्र अब भाजपा के लिए एक मजबूत गढ़ में तब्दील हो चुका है. केरल में भाजपा ने लंबे समय तक ‘तीसरे ध्रुव’ के रूप में खुद को स्थापित करने का संघर्ष किया है, जहां दशकों से मुकाबला केवल वामपंथी एलडीएफ और कांग्रेस यूडीएफ के बीच ही रहा है. लेकिन हाल के वर्षों में, विशेषकर 2024 के लोकसभा चुनाव में सुरेश गोपी की जीत और फिर 2025 के स्थानीय निकाय चुनावों में तिरुवनंतपुरम नगर निगम जैसे बड़े केंद्रों में मिली सफलता ने पार्टी को नई ऊर्जा दी है.
इसे भी पढ़ें. Baramati Bypoll Result 2026: सुनेत्रा पवार ने रचा इतिहास, 2.18 लाख वोटों से हासिल की प्रचंड जीत

